ठेठईटांगर. प्रखंड क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. कई स्थानों पर लोगों के कच्चे घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, वहीं धान की फसलों को भी नुकसान पहुंचने की सूचना है. इसी क्रम में ठेठईटांगर पंचायत के लतापानी गांव निवासी राजेश किड़ो का घर बारिश के कारण धंस गया. घटना के समय घर में मौजूद परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गए, लेकिन घर में रखा अनाज एवं अन्य आवश्यक सामान मलबे में दबकर बर्बाद हो गया.
घटना की जानकारी मिलने पर प्रखंड प्रमुख विपिन पंकज मिंज बुधवार को प्रभावित परिवार से मिलने पहुंचे. उन्होंने परिवार की स्थिति का जायजा लिया तथा तत्काल राहत के रूप में एक तिरपाल और एक बोरा चावल उपलब्ध कराया. प्रमुख ने आश्वासन दिया कि प्रभावित परिवार को सरकारी प्रावधानों के तहत उचित मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा. साथ ही आवास योजना के अंतर्गत घर उपलब्ध कराने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
प्रमुख ने कहा कि लगातार बारिश से क्षेत्र के कई ग्रामीण प्रभावित हुए हैं और प्रशासन से समन्वय कर जरूरतमंद परिवारों को सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है. मौके पर वार्ड सदस्य प्रदीप केरकेट्टा, विनिता सोरेंग, असित केरकेट्टा, रतन डुंगडुंग सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे.
