सिमडेगा. झारखंड सरकार की पूर्व पर्यटन मंत्री एवं सिमडेगा विधानसभा क्षेत्र की पूर्व विधायक विमला प्रधान का पार्थिव शरीर शनिवार को रांची से सिमडेगा उनके आवास नैगम टोली लाया गया. उनके पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन के लिए रास्ते में कोलेबिरा और बीरू में काफी संख्या में लोग जुटे. रांची से सिमडेगा आने के क्रम में कोलेबिरा में काफिले को रोका गया. जहां भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ काफी संख्या में आम लोगों ने पुष्प अर्पित कर विमला प्रधान को श्रद्धांजलि दी. इसके बाद काफिला सिमडेगा की ओर रवाना हुआ.
बीरू में भी अंतिम दर्शन के लिए काफिले को कुछ देर रोका गया. इस दौरान मूसलाधार बारिश के बावजूद भाजपा कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने वहां पहुंचकर दिवंगत विमला प्रधान के अंतिम दर्शन किये और श्रद्धांजलि अर्पित की. पुलिस प्रशासन की ओर से रांची से सिमडेगा तक काफिले को एस्कॉर्ट किया गया. सिमडेगा स्थित नैगम टोली आवास परिसर में भी सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल एवं पदाधिकारी मौजूद थे. पार्थिव शरीर के पहुंचते ही अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ जुटने लगी.
रविवार को बागडांड में अंतिम संस्कार
विमला प्रधान का अंतिम संस्कार रविवार को उनके पैतृक गांव बागडांड में होगा. सुबह करीब नौ बजे सिमडेगा के नैगम टोली स्थित आवास परिसर से अंतिम यात्रा निकलेगी. काफिला बागडांड के लिए रवाना होगा, जहां लगभग 10 बजे पालामाड़ा नदी के किनारे अंतिम संस्कार होगा. बताया गया कि इसी स्थान पर पूर्व में विमला प्रधान की माता और उनके पति का भी अंतिम संस्कार किया गया था. अब उसी स्थान पर विमला प्रधान की अंत्येष्टि होगी.
राजकीय सम्मान के साथ होगी अंत्येष्टि
झारखंड सरकार में पूर्व मंत्री रही विमला प्रधान की अंत्येष्टि पूरे राजकीय सम्मान के साथ की जायेगी. अंतिम संस्कार के दौरान पुलिस तथा प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद रहेंगे. अंत्येष्टि से पूर्व उन्हें राजकीय सम्मान के तहत सलामी दी जायेगी. विमला प्रधान के निधन से सिमडेगा सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है. उनके अंतिम दर्शन के लिए शनिवार को बारिश के बावजूद काफी संख्या में लोगों का पहुंचना उनके प्रति लोगों की श्रद्धा को दर्शाता है.
