सिमडेगा. कोलेबिरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. डीएसपी रनवीर सिंह ने बताया कि बुधवार की रात सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर ओडिशा से गांजा लेकर सिमडेगा-कोलेबिरा के रास्ते रांची की ओर जाने वाले हैं. एसपी के निर्देश पर रात करीब 11.10 बजे कोलेबिरा चेकनाका के पास वाहन जांच शुरू की गयी. इसी दौरान सफेद रंग की मारुति सुजुकी सियाज कार (ओडी 02 सीएस-0469) वहां पहुंची. पुलिस को देखते ही चालक ने जवानों पर कार चढ़ाने का प्रयास किया और वाहन लेकर भागने लगा. पुलिस टीम ने पीछा कर लरबा गांव के पास कार को रोक लिया. पूछताछ में आरोपियों ने गांजा तस्करी में शामिल होने की बात स्वीकार की. उन्होंने बताया कि वे पुलिस की रेकी कर रहे थे और पीछे से गांजा लेकर आ रहे अपने साथियों को पुलिस की सक्रियता की जानकारी दी थी. इसके बाद गांजा लेकर आ रहे साथी ओडिशा की ओर लौट गये. पुलिस ने पीछा कर गांजा लदी गाड़ी में सवार दो लोगों को ओडिशा से गिरफ्तार किया. हालांकि, आरोपी गांजा छिपाने में सफल रहे. पुलिस छिपाये गये गांजा और फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है. मामले में कोलेबिरा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
10 अगस्त को पकड़े गये 108 किलो गांजा से भी कनेक्शन
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि 10 अगस्त को कोलेबिरा थाना चौक के पास इनोवा कार (ओआर 05एयू-7076) से बरामद 108 किलो गांजा की तस्करी में भी वे शामिल थे. पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.
इनकी हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तार आरोपियों में शिबाजी प्रसाद बेहरा (32), मनोज साहनी (32), विजय चंद्र दिगल (69), सनन्त दिगल (23), सभी कंधमाल जिले के फुलबानी क्षेत्र के निवासी हैं. वहीं सोचिश केस नाग (32) जिला बौद्ध का रहने वाला है.
कार और पांच मोबाइल जब्त पुलिस ने आरोपियों के पास से सफेद रंग की मारुति सुजुकी सियाज कार (ओडी02सीएस-0469) और पांच मोबाइल फोन जब्त किये हैं. छापामारी दल में कोलेबिरा थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक देवीदास मुर्मू, पुलिस अवर निरीक्षक अमरनाथ कुमार सोनी तथा थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. फरार आरोपियों और छिपाये गये गांजा की बरामदगी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है.
