बोलबा. प्रखंड की कादोपानी पंचायत के किलेसेरा भंडारटोली गांव में हाथी ने बलमदीना केरकेट्टा के घर को ध्वस्त कर दिया. इसमें घर में रखे सामान बर्बाद हो गये. पीड़िता बलमदीना केरकेट्टा ने बताया कि उनके पति सेबेस्टियन केरकेट्टा का निधन करीब 10 साल पहले हो गया था. तब से वह अकेली मेहनत-मजदूरी कर अपने तीन बेटियों का पालन-पोषण कर रही हैं. बलमदीना ने कहा कि अब बरसात में अपनी बेटियों के साथ रहना मेरे लिए परेशानी का सबब बन गया है. उन्होंने बताया कि हाथी ने घर में रखे लगभग पांच बोरा धान को खा लिया और रसोई के सारे सामान को तहस-नहस कर दिया. रात के अंधेरे में वह किसी तरह अपने बच्चों के साथ भाग कर जान बचायी. बलमदीना ने कहा कि उन्होंने कई बार पंचायत के मुखिया से प्रधानमंत्री आवास योजना या अबुआ आवास योजना के तहत पक्का मकान देने की गुहार लगायी. लेकिन आज तक कोई सहायता नहीं मिली. बलमदीना केरकेट्टा ने जिला प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि उन्हें जल्द से जल्द एक पक्का मकान उपलब्ध कराया जाये.
पतिअंबा सराईटोली में मिली भटकी अनजान महिला
जलडेगा. प्रखंड के पतिअंबा सराईटोली में भटकी हुई एक अनजान महिला बुधवार को अकेली बैठी हुई मिली. स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी गयी. सूचना पर पुलिस वहां पहुंची और महिला को थाने ले गयी. उक्त महिला को थाना में रखा गया है. महिला अभी तक अपना नाम व पता नहीं बता पायी है, जिससे उसके गांव व परिजनों का पता नहीं चल पा रहा है. पुलिस द्वारा आग्रह किया गया है कि कोई भी व्यक्ति उक्त महिला को पहचानते हैं, तो जलडेगा थाना से संपर्क करें.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
