बानो. प्रखंड मुख्यालय स्थित मॉडल डिग्री कॉलेज के समीप मैदान में रविवार को विराट हिंदू महासम्मेलन का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुई. मुख्य अतिथि के रूप में सकलदेव चौरसिया व विशिष्ट अतिथि के रूप में तोरपा के पूर्व विधायक कोचे मुंडा और वाणी राय मौजूद थे. अतिथियों का स्वागत चंदन तिलक व अंगवस्त्र देकर किया गया. मुख्य अतिथि सकलदेव चौरसिया ने कहा कि भारत की आजादी में क्रांतिकारियों व हिंदू समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. उन्होंने समाज को संगठित और सजग रहने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि सनातन परंपराओं को मजबूत करने के लिए घर-घर में देवी-देवताओं की पूजा और बच्चों को भारतीय संस्कृति की जानकारी देना आवश्यक है. उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में बदलाव की जरूरत पर भी जोर दिया. वाणी कुमार राय ने कहा कि भारत हमारी मातृभूमि और देवभूमि है. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में शताब्दी वर्ष मनाया जा रहा है. उन्होंने देश की एकता और अखंडता बनाये रखने को सभी का दायित्व बताया. पूर्व विधायक कोचे मुंडा ने कहा कि आज विश्व में भारत का मान बढ़ा है और अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हिंदू समाज की आस्था का प्रतीक है. विश्वनाथ बड़ाइक ने समाज को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया, जबकि संजय वर्मा ने धर्मांतरण रोकने के लिए सामाजिक सतर्कता पर बल दिया. कार्यक्रम के अंत में श्री शिवशरण सिंह के नेतृत्व में उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया. पूरा परिसर जय श्रीराम और जय बजरंग बली के जयघोष से गूंज उठा. मंच संचालन रूपेश बड़ाइक और शिवशरण सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कामेश्वर सिंह ने दिया. कार्यक्रम को सफल बनाने में मुखिया विश्वनाथ बड़ाइक, बालमुकुंद सिंह, फिरू बड़ाइक, बुद्धदेव साहू, बालेश्वर नाग, राजन साहू, अनूप साहू, रामचंद्र बड़ाइक, सीता देवी, लोदो सिंह, रूपेश सिंह, संजय मिश्रा आदि का सहयोग रहा. अंत में लोक गायक रूपेश बड़ाइक ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भावुक बना दिया. कार्यक्रम में कई बुद्धिजीवी व समाजसेवी मौजूद थे.
जय श्रीराम और जय बजरंग बली के जयघोष से गूंजा क्षेत्र
सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के साथ विराट हिंदू महासम्मेलन का समापन
