सिमडेगा : झारखंड हाइकोर्ट के निर्देश के आलोक में जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव मरियम हेमरोम ने बुधवार को सिमडेगा मंडल कारा का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने कारा परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और बंदियों को मिल रही मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की.
निरीक्षण की शुरुआत कारा के रसोईघर से हुई. सचिव ने भोजन तैयार करने की प्रक्रिया, खाद्यान्न भंडारण और साफ-सफाई की स्थिति देखी. उन्होंने रसोईघर के फर्श और बर्तनों को पूरी तरह स्वच्छ रखने का निर्देश दिया.
बैरकों में बंदियों से ली जानकारी
रसोईघर के बाद उन्होंने विभिन्न बैरकों का भ्रमण कर बंदियों से सीधे बातचीत की. इस दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं, पेयजल, स्वच्छता, दवाओं की उपलब्धता और रहने की व्यवस्था की जानकारी ली. बंदियों द्वारा बतायी गयी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
नि:शुल्क कानूनी सहायता की दी जानकारी
निरीक्षण के दौरान मरियम हेमरोम ने बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति भी जागरूक किया. उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद बंदियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से नि:शुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध करायी जाती है, ताकि आर्थिक अभाव के कारण कोई भी न्याय से वंचित न रहे.
अंत में उन्होंने जेल प्रशासन को साफ-सफाई बनाये रखने और बंदियों की शिकायतों का समय पर निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
