दिव्य भक्ति की मिसाल: विकलांग शिवभक्त ने अपनी कमाई से बनवाया शिव मंदिर, सावन में कराया भंडारा

कोलेबिरा के एक विकलांग शिवभक्त राधा कृष्ण प्रसाद ने अपनी मेहनत की कमाई से शिव मंदिर और नंदी महाराज की प्रतिमा का निर्माण कराया है। इलाके में उनकी भक्ति की चर्चा है।

कोलेबिरा: भक्ति और आस्था की अनोखी मिसाल कोलेबिरा प्रखंड में देखने को मिली, जहां एक विकलांग शिवभक्त ने अपनी मेहनत की कमाई से शिव मंदिर का निर्माण कराया है. कोलेबिरा साहू बस्ती निवासी राधा कृष्ण प्रसाद ने बूढ़ा महादेव मंदिर परिसर में अपने खर्चे पर आकर्षक शिव मंदिर बनवाया है.

राधा कृष्ण प्रसाद ने बताया कि वह बचपन से ही भगवान शिव के भक्त रहे हैं. उनके मन में वर्षों से इच्छा थी कि वे अपनी कमाई से एक शिव मंदिर का निर्माण करायेंगे. इसी संकल्प को उन्होंने इस वर्ष पूरा किया.

उन्होंने बताया कि वह बाजार में फलदार पौधों की बिक्री करते हैं. इसी आमदनी से धीरे-धीरे पैसे बचाकर उन्होंने मंदिर निर्माण कराया. करीब छह-सात माह पहले मंदिर का निर्माण पूरा हो गया था, लेकिन परिसर में नंदी महाराज की प्रतिमा स्थापित नहीं थी.

इसके बाद उन्होंने पश्चिम बंगाल के पुरुलिया से मूर्तिकार बुलाकर नंदी महाराज की आकर्षक प्रतिमा का निर्माण कराया. सावन की पहली सोमवारी के अवसर पर विधि-विधान से नंदी महाराज की पूजा-अर्चना की गयी.

राधा कृष्ण प्रसाद ने बताया कि मंदिर निर्माण में उन्होंने किसी से आर्थिक सहयोग नहीं लिया है. पूरा खर्च उन्होंने अपनी मेहनत की कमाई से उठाया है. उनकी भक्ति और समर्पण प्रखंड में चर्चा का विषय बना हुआ है.

सावन की पहली सोमवारी पर उन्होंने मंदिर परिसर में भंडारे का भी आयोजन किया, जिसमें बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रथिंद्र गुप्ता

रथिंद्र गुप्ता कोलेबिरा डेटलाइन से 1998 से प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत हैं. जन सारोकार से संबंधित क्षेत्रों में उनकी रुचि है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >