सिमडेगाः ठेठईटांगर प्रखंड की कोरोमियां पंचायत के कोरोमियां और भूतकुदार गांव में अत्यधिक बारिश और बाढ़ से प्रभावित 38 किसानों को राहत दिलाने की दिशा में प्रशासन ने पहल शुरू कर दी है. बाढ़ के कारण किसानों के खेत और धान की फसल को भारी नुकसान हुआ है. कई खेतों में बालू और मलबा जमा हो जाने से खेती प्रभावित हुई है.
जिला कृषि पदाधिकारी से संपर्क के बाद पहुंची प्रशासनिक टीम
मामले की जानकारी मिलने पर भारत आदिवासी पार्टी के जिलाध्यक्ष अमृत चिराग तिर्की ने जिला कृषि पदाधिकारी से फोन पर संपर्क कर प्रभावित किसानों की स्थिति से अवगत कराया. उन्होंने किसानों को नियमानुसार सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया. इसके बाद पदाधिकारी के निर्देश पर ठेठईटांगर अंचल के सीआई सूरज कुमार ने मौके पर पहुंचकर प्रभावित खेतों का भौतिक सत्यापन किया. उन्होंने किसानों से फसल और खेतों को हुए नुकसान की जानकारी ली तथा क्षतिग्रस्त क्षेत्रों का जायजा लिया.
ये भी पढ़ें- ईद मिलादुन्नबी पर बानो में निकाला गया जुलूस-ए-मोहम्मदी
क्षति के अनुरूप राहत देने की मांग
अमृत चिराग तिर्की ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण 38 किसानों की फसल और खेत प्रभावित हुए हैं. प्रशासन द्वारा मौके पर पहुंचकर सत्यापन किया जाना स्वागतयोग्य कदम है. अब प्रभावित किसानों के आवेदन की प्रक्रिया जल्द पूरी कर क्षति के अनुरूप सरकारी प्रावधानों के तहत राहत और अनुग्रह सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए.
मौके पर विजय डुंगडुंग, अरबिंद डुंगडुंग, राजेश डुंगडुंग, जोन सोरेंग, रंजीत बिलुंग, अगाथा डुंगडुंग समेत बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण मौजूद रहे. ग्रामीणों ने प्रशासन की पहल पर संतोष जताते हुए जल्द राहत सहायता मिलने की उम्मीद व्यक्त की.
