सिमडेगाः राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 29 अगस्त से 13 सितंबर तक सिमडेगा के अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम और एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में आयोजित 21वीं मेजर ध्यानचंद सीनियर सिमडेगा जिला पुरुष एवं महिला हॉकी चैंपियनशिप 2026 का रविवार को भव्य समापन हुआ. 16 दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में जिले की 58 टीमों ने हिस्सा लिया. कुल 128 मुकाबलों में खिलाड़ियों ने 492 गोल दागे.
हॉकी झारखंड के मार्गदर्शन और हॉकी सिमडेगा तथा खेल विभाग, सिमडेगा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में पुरुष और महिला दोनों वर्गों में COE सिमडेगा का दबदबा रहा. पुरुष वर्ग में COE सिमडेगा ने लगातार दूसरी बार और महिला वर्ग में COE सिमडेगा 'A' ने लगातार तीसरी बार चैंपियनशिप अपने नाम की.
पुरुष फाइनल में COE सिमडेगा ने लिटिल टाइगर को हराया
अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले गए पुरुष वर्ग के फाइनल में COE सिमडेगा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लिटिल टाइगर को 5-3 से हराया. इस जीत के साथ COE सिमडेगा लगातार दूसरी बार चैंपियन बना. लिटिल टाइगर पिछले छह वर्षों से लगातार फाइनल में पहुंच रहा है. इस बार भी टीम ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन उसे उपविजेता के खिताब से संतोष करना पड़ा.
पुरुष वर्ग के तीसरे स्थान के मुकाबले में आदिवासी हॉस्टल 'A' ने पुलिस केंद्र सिमडेगा को 4-2 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया.
महिला वर्ग में भी COE सिमडेगा 'A' की लगातार तीसरी जीत
महिला वर्ग के फाइनल में COE सिमडेगा 'A' ने STC सिमडेगा को 5-3 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया. इसके साथ ही COE सिमडेगा 'A' लगातार तीसरी बार महिला वर्ग की चैंपियन बनी. STC सिमडेगा वर्ष 2010 से लगातार इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही है. इस वर्ष टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया और उपविजेता बनी.
महिला वर्ग के तीसरे स्थान के मुकाबले में संत जेवियर उच्च विद्यालय, बरवाडीह ने लोंबोई को 2-1 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया.
ये भी पढ़ें- रात 2 बजे कोडरमा घाटी में भीषण हादसा, दो ट्रेलर भिड़े, चालक का शरीर दो हिस्सों में बंटा
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कराया फाइनल का शुभारंभ
पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले का शुभारंभ सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा, जिला परिषद सदस्य जोसिमा खाखा, सिलबेस्ट्र बघवार और शकील अहमद ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया. वहीं महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले की शुरुआत एसडीएम सिमडेगा सुमन तिर्की ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर की.
विधायक बोले- सिमडेगा हॉकी की नर्सरी
पुरुष वर्ग के फाइनल के दौरान खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि सिमडेगा हॉकी की नर्सरी है. यहां हॉकी संघ, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी लगातार हॉकी को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि हॉकी के विकास के लिए उनकी ओर से किये जा सकने वाले हर संभव प्रयास में पूरा सहयोग दिया जाएगा.
एसडीएम बोले- देश के लिए खेलने का लक्ष्य रखें
पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि एसडीएम सुमन तिर्की ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि जिला प्रशासन खिलाड़ियों के साथ हमेशा खड़ा है. खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए बेहतर अवसर मिल रहे हैं. उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती खिलाड़ियों को इस तरह की सुविधाएं और अवसर नहीं मिल पाते थे. इसलिए वर्तमान खिलाड़ियों को मिले अवसर का पूरा लाभ उठाना चाहिए. खिलाड़ियों को लगातार अभ्यास करने और अपनी प्रतिभा को निखारने की जरूरत है. उन्होंने खिलाड़ियों से देश के लिए खेलने का लक्ष्य रखने का आह्वान किया और कहा कि जिला प्रशासन हमेशा उनके साथ है.
ये भी पढ़ें- झारखंड चेंबर चुनाव: घोड़े पर पोस्टर लेकर पहुंचे समर्थक, 9 महिला प्रत्याशियों में 6 ने मारी बाजी
मनोज कोनबेगी ने आयोजन को बताया ऐतिहासिक
हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए हॉकी सिमडेगा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को बधाई दी. उन्होंने कहा कि संभवतः यह भारत की ऐसी प्रतियोगिताओं में से एक है, जिसमें 58 टीमों ने हिस्सा लिया और 128 मुकाबले खेले गए.
उन्होंने कहा कि वह पिछले 21 वर्षों से इस प्रतियोगिता को देखते आ रहे हैं, लेकिन इस वर्ष प्रतियोगिता का स्तर, टीमों की भागीदारी और मैच दर मैच खिलाड़ियों का प्रदर्शन बेहद सराहनीय रहा. यह प्रतियोगिता सिमडेगा में हॉकी के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी. उन्होंने आयोजन में सहयोग के लिए खेल विभाग, जिला प्रशासन, पुलिस और मेडिकल टीम का भी आभार जताया.
इन खिलाड़ियों को मिला प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार
समापन समारोह में एसडीएम सुमन तिर्की और अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सुशीला लकड़ा ने विजेता, उपविजेता और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया. व्यक्तिगत पुरस्कार प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया.
प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट
- महिला : अनुप्रिया एक्का, STC सिमडेगा
- पुरुष : फ्लैबियस तिर्की, लिटिल टाइगर
इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट
- महिला : रितिका डुंगडुंग
- पुरुष : धनेश्वर मांझी
बेस्ट गोलकीपर
- महिला : रश्मि समद
- पुरुष : अरुण सोय
बेस्ट डिफेंडर
- महिला : सीता कुमारी
- पुरुष : विनय कुजूर
बेस्ट मिडफील्डर
- महिला : सबीना टोपनो
- पुरुष : सुमित बरवा
बेस्ट फॉरवर्ड
- महिला : राजमनी कुमारी
- पुरुष : सुमन सोरेंग
इमर्जिंग टीम ऑफ द चैंपियनशिप
- महिला : लोंबोई
- पुरुष : केवीएस 'A'
प्रतियोगिता के दोनों वर्गों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाली टीमों को ट्रॉफी दी गई. आयोजन को सफल बनाने वाले तकनीकी सदस्यों, मेडिकल टीम, पुलिस टीम और मीडिया टीम के सदस्यों को भी मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया. आयोजन समिति की ओर से अतिथियों को अंगवस्त्र और पौधे देकर सम्मानित किया गया. प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहीं अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी संदीपा कुमारी और पुष्पा मांझी को भी अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया.
ये भी पढ़ें- झारखंड में विधवा पेंशन 2500 रुपये करने की मांग, मंईयां सम्मान के बराबर राशि देने की उठी आवाज
समापन समारोह में कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
समापन समारोह में एसडीएम सिमडेगा सुमन तिर्की, अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सुशीला लकड़ा, वरिष्ठ शिक्षक साधु मालवा, सिमडेगा जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष बसंत बा, जिला एथलेटिक संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सहदेव मांझी और सचिव विपिन कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.
प्रतियोगिता को सफल बनाने में हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी, हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष सुनील तिर्की, पैंक्रेसियूस टोप्पो, बसंत बा, एल्शन किडो, कमलेश्वर मांझी, विनोद कुल्लू, रोहित बेसरा, संजय तिर्की, समीर डुंगडुंग, करिश्मा परवार, नेहा कुमारी, कुंती कुमारी, कुनुल भेंगरा, तलीन तिग्गा और दिव्य डुंगडुंग सहित हॉकी सिमडेगा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
सिमडेगा मेडिकल टीम, पुलिस टीम और खेल विभाग ने भी प्रतियोगिता के सफल संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया. आयोजकों ने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों, टीमों, अधिकारियों, निर्णायकों, सहयोगी संस्थाओं और दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया
