सिमडेगा. गुमला जिले के करौंदाबेड़ा चर्च परिसर में मंगलवार को शहीद फादर लॉरेंस कुजूर, शहीद फादर जोसेफ डुंगडुंग और शहीद ब्रदर अमर अनूप इंदवार का शहीद दिवस मनाया गया. इसमें सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा ने भी मुख्य रूप से भाग लिया. मौके पर आर्च बिशप विंसेंट आइंद के नेतृत्व में मिस्सा बलिदान चढ़ाया गया. उनका सहयोग गुमला बिशप लीनुश पिंगल एक्का, खूंटी बिशप विनय कंडुलना, हजारीबाग बिशप आनंद जोजो समेत दर्जनों पुरोहितों ने किया. मिस्सा पूजा के बाद शहीद धर्मगुरुओं को श्रद्धांजलि दी गयी. कार्यक्रम में सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा के अलावा गुमला विधायक भूषण तिर्की, जिप सदस्य जोसिमा खाखा, गुमला जिला विधायक प्रतिनिधि मनीष हिंदुस्तान, जिप सदस्य सामरोम पॉल तोपनो, 20 सूत्री अध्यक्ष सिलबेस्टर बघवार, प्रखंड अध्यक्ष अजीत लकड़ा,विधायक प्रतिनिधि शीतल एक्का, पंचायत अध्यक्ष संदीप तिग्गा, जिप सदस्य प्रेमा बाड़ा ने भी भाग लिया. मौके पर विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि इन सभी पुरोहित का खून ख्रीस्तीय समाज के लिए गेहूं के बीज की तरह है. जो जमीन में जाकर तब तक नष्ट नहीं होता, जब तक फल नहीं देता. फादर की शहादत के बाद कलीसिया का विस्तार हुआ. ईश्वर हमारे साथ हैं, इसलिए जीवन में खुश रहे और आनंद के साथ जीवन जियें. विधायक ने समाज के लोगों को ऐसे ही एकजुटता बनाये रखने की अपील की. साथ ही नशापान जैसे कुरीतियों से समाज को दूर रखने की अपील की. विधायक ने युवाओं को नशापान से दूर रहने का आग्रह किया. महागठबंधन सरकार की योजनाओं को लाभ लेने के लिए आगे आने की अपील की. जिप सदस्य ने कहा कि हम ईश्वर के प्रति आज्ञाकारी बनें. समाज में शिक्षा की कमी है, इसलिए सच्चा चरित्र का निर्माण नहीं हो पा रहा है. ऊंच-नीच कह कर हमें बांटा जा रहा है. इन सब को समाज में हावी न होने दें.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।