सिमडेगा: शादी का झांसा देकर युवती के साथ जबरन यौन संबंध बनाने, गर्भपात कराने और मारपीट करने के मामले में सिमडेगा पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान आदर्श डुंगडुंग, पिता रविशंकर डुंगडुंग, निवासी घोंचोटोली, दीपनगर, सिमडेगा के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 10 अगस्त 2026 को महिला थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाये थे. आवेदन के आधार पर महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी थी.
मामले के अनुसंधान एवं सत्यापन के दौरान पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया. गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी आदर्श डुंगडुंग को 26 अगस्त को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को 27 अगस्त 2026 को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. सिमडेगा पुलिस ने कहा है कि महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों को लेकर पुलिस गंभीर एवं संवेदनशील है. ऐसे मामलों में त्वरित और विधिसम्मत कार्रवाई जारी रहेगी.
