खरसावां: संगठन को गांव और बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर सोमवार को खरसावां डाकबंगला में जिला युवा कांग्रेस की कार्यकारिणी बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजा राम पाड़ेया ने की.
बैठक में 26 सितंबर को रांची में प्रस्तावित लोक भवन घेराव, बेरोजगारी, एसआईआर से जुड़े कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी. 26 सितंबर के कार्यक्रम में सरायकेला-खरसावां जिले से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया. कांग्रेस की ओर से 26 सितंबर को एमएमडीआर संशोधन विधेयक और अन्य मुद्दों को लेकर लोक भवन मार्च-प्रदर्शन का कार्यक्रम तय किया गया है.
MMDR विधेयक के विरोध की बनी रणनीति
बैठक में केंद्र सरकार के खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 को लेकर विरोध कार्यक्रम की रणनीति तैयार की गयी. युवा कांग्रेस नेताओं ने विधेयक के जरिए खनन एवं खनिज से जुड़े नियमों और राज्य के खनिज अधिकारों में बदलाव का आरोप लगाते हुए इसके विरोध में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं की भागीदारी पर चर्चा की.
इसके अलावा चंदा चोरी के विरोध में प्रस्तावित लोक भवन घेराव में जिले से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को शामिल कराने पर जोर दिया गया. बैठक में बेरोजगारी के मुद्दे पर भी चर्चा हुई.
गांव-गांव तक योजनाओं को पहुंचाने पर जोर
युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने एसआईआर से संबंधित कार्यों का अवलोकन किया. साथ ही झारखंड सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया गया. संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और नये युवाओं को जोड़ने को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ.
बैठक में जिला उपाध्यक्ष शंकर दिग्गी, वरिष्ठ कांग्रेसी इंतिखाब आलम, विधानसभा उपाध्यक्ष सुकलाल मुंडा, खरसावां प्रखंड अध्यक्ष गुरुचरण होनहागा, कुचाई प्रखंड उपाध्यक्ष बहादुर सोय, प्रखंड महासचिव सावित्री गुंदुवा, प्रखंड सचिव प्यारी गुंदुवा समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे.
