सरायकेला-कालाडुंगरी मार्ग पर शुक्रवार की देर शाम घटी दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में पुरनु नायक (23), सुकरु नायक (25) मो. रहमान (18) शामिल हैं.घटना के बाद स्थानीय लोगों द्वारा सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल सरायकेला भेजा गया. जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद मो. रहमान की स्थिति गंभीर होने के कारण उसे एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया. वहीं पुरनु नायक और सुकरु नायक का उपचार सदर अस्पताल में जारी है.
बड़ा काकड़ा के पास बाइक गिरने से युवक घायल
पहली घटना सरायकेला-कालाडुंगरी मार्ग पर बड़ा काकड़ा के समीप की है.घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार मो. रहमान नारायणपुर गांव का निवासी है.वह जिला समाहरणालय के पास एक दुकान में काम करता है. शाम को काम खत्म कर वह अपने दोस्त घाघी निवासी शेख सोहेल के साथ बाइक से घर लौट रहा था. इसी दौरान बड़ा कांकड़ा के शामिल विपरीत दिशा से आ रही एक बाइक की चपेट में आकर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई. इसमें मो. रहमान का एक हाथ टूट गया है, जबकि शेख सोहेल को मामूली चोटें आई हैं.
धातकीडीह मोड़ पर बाइक पुलिया से टकराई
दूसरी घटना सरायकेला-कालाडुंगरी मार्ग पर धातकीडीह मोड़ के पास की है.मिली जानकारी के अनुसार चौका दिरलॉन्ग गांव निवासी सुकरु नायक अपनी बहन के घर दुगनी आया था. शुक्रवार को वह दुगनी निवासी पुरनु नायक के साथ बाइक से रथ मेला देखने सरायकेला आया था. शाम को वापस लौटते समय धातकीडीह मोड़ के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई. हादसे में दोनों युवकों के चेहरे, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं.
