चांडिल: आसनबनी स्थित टेंथ माइल होटल में 24 अगस्त को हुए कारोबारी निखार सबलोक गोलीकांड की जांच में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां पुलिस की संयुक्त एसआइटी ने मामले में शामिल एक अन्य कुख्यात अपराधी अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह (40) को गिरफ्तार किया है.
वह आशियाना ब्रह्मानंद, तामुलिया, कपाली ओपी क्षेत्र का रहने वाला है. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त बजाज एवेंजर मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और एक लोडेड देसी पिस्टल बरामद की है. पिस्टल की मैगजीन में एक जिंदा गोली भी मिली है. पुलिस ने मंगलवार को आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
24 अगस्त को होटल में मारी गयी थी कारोबारी को गोली
जानकारी के अनुसार, 24 अगस्त को आसनबनी स्थित टेंथ माइल होटल में जमशेदपुर निवासी कारोबारी निखार सबलोक (33) को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी थी. गंभीर रूप से घायल निखार को इलाज के लिए टीएमएच, जमशेदपुर में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी थी. मृतक के पिता संजीव सबलोक के बयान पर चांडिल थाना में 25 अगस्त को कांड संख्या 115/2026 दर्ज किया गया था. इसमें बीएनएस की धारा 103(1)/61(2) और 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया.
एसआइटी ने सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्य से खोला राज
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक, सिंहभूम (कोल्हान) क्षेत्र चाईबासा के निर्देश पर पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां पुलिस के वरीय अधिकारियों के नेतृत्व में एसआइटी गठित की गयी थी. टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी की. जांच के क्रम में पुलिस ने रांची से घटना में प्रयुक्त लाल रंग की हुंडई आइ-10 कार (JH05AN5503) बरामद की थी. मामले में छह आरोपी पहले ही गिरफ्तार किये जा चुके हैं.
सिंटू की निशानदेही पर हथियार और बाइक बरामद
पुलिस ने अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह को सात सितंबर को गिरफ्तार किया. पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर बजाज एवेंजर मोटरसाइकिल (JH01FF-0779), दो मोबाइल फोन और एक देसी पिस्टल बरामद की गयी. पुलिस के अनुसार पिस्टल लोडेड थी और उसकी मैगजीन में एक जिंदा कारतूस मिला. बरामदगी के बाद पुलिस अब हथियार और वाहन के इस्तेमाल से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.
कई थानों में दर्ज हैं गंभीर आपराधिक मामले
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभिमन्यु सिंह का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ बोड़ाम, मानगो, ओल्डीह और आदित्यपुर थाना क्षेत्रों में हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, रंगदारी समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं. इनमें आदित्यपुर थाना कांड संख्या 137/16 में धारा 302/34 भादवि एवं 27 आर्म्स एक्ट का मामला भी शामिल है. इसके अलावा ओल्डीह थाने में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामले दर्ज हैं.
अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
पुलिस टेंथ माइल होटल गोलीकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस टीम में चांडिल एसडीपीओ शिवप्रकाश कुमार, सरायकेला नक्सल शाखा प्रभारी राजेश कुंडू सिंह, आदित्यपुर थाना प्रभारी अजीत कुमार, सरायकेला यातायात प्रभारी राजू, चांडिल थाना प्रभारी संतन तिवारी समेत अन्य पदाधिकारी शामिल थे. पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आ रहे तथ्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं.
