दिनदहाड़े गांव में घुसा झुंड से बिछड़ा हाथी, तोड़ा ग्रामीण का घर

नीमडीह के आंडा गांव में झुंड से बिछड़ा जंगली हाथी घुस आया और रघुनाथ सिंह के घर को क्षतिग्रस्त कर दिया. ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग से मुआवजे की मांग.

चांडिल: नीमडीह प्रखंड अंतर्गत आंडा गांव में रविवार शाम करीब चार बजे झुंड से बिछड़ा एक जंगली हाथी अचानक घुस आया. दिनदहाड़े हाथी के गांव में प्रवेश करने से ग्रामीणों के बीच अफरा-तफरी मच गयी और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. कई परिवारों ने डर के मारे अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर शरण ली.

रघुनाथ सिंह के घर को बनाया निशाना

गांव में घूमते हुए हाथी ने रघुनाथ सिंह के घर की दीवार और अन्य हिस्सों को तोड़कर पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे घर के अंदर रखा सारा सामान बर्बाद हो गई. राहत की बात यह रही कि घटना के समय परिवार के सदस्य किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल गये, जिससे बड़ा हादसा टल गया.

सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुटे, लेकिन डर के कारण कोई भी हाथी के पास जाने की हिम्मत नहीं कर सका. घटना की जानकारी तुरंत वन विभाग को दी गई है. ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में हाथियों की लगातार आवाजाही से फसलों और संपत्ति को भारी नुकसान पहुंच रहा है. ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित परिवार को अविलंब मुआवजा देने, क्षेत्र में गश्त बढ़ाने व हाथी को सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ने की मांग की है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >