कुकड़ू: विपुला महतो का घर तोड़ा, क्विंटलों धान चट कर फसलों को किया बर्बादचांडिल. कुकड़ू प्रखंड के पारगामा गांव में शनिवार देर रात झुंड से बिछड़े एक जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया. हाथी के अचानक गांव में प्रवेश करते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गयी. इस दौरान हाथी ने ग्रामीण विपुला महतो के घर को पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है.
ग्रामीणों ने मशाल और पटाखों के सहारे हाथी को खदेड़ा
रात के अंधेरे में जंगली हाथी को गांव में तांडव मचाते देख बड़ी संख्या में ग्रामीण एकजुट हुए. ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर मशाल, टॉर्च और पटाखों की मदद से हाथी को गांव से खदेड़ने का प्रयास शुरू किया. काफी मशक्कत और घंटों के प्रयास के बाद हाथी अंततः गांव से निकलकर पास के जंगल की ओर चला गया, जिसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली. हालांकि, घटना के बाद से ही पारगामा गांव में भय और सन्नाटा पसरा हुआ है.
पीड़ित परिवार से मिले झामुमो नेता, मुआवजे की मांग
घटना की सूचना मिलने के बाद कुकड़ू प्रखंड के झामुमो प्रखंड उपाध्यक्ष सपन कुमार महतो ने पीड़ित विपुला महतो के घर जाकर स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित परिवार को ढांढस बंधाया. झामुमो नेता सपन कुमार महतो ने बताया कि जंगली हाथी ने विपुला महतो के आशियाने को मलबे में तब्दील कर दिया और घर में रखा करीब दो से तीन क्विंटल धान चट कर गया. उन्होंने बताया कि इसके पूर्व भी हाथियों द्वारा विपुला महतो का घर तोड़ा जा चुका है. इसके अलावा हाथी ने कई किसानों के खेतों में लगे धान के बिछड़ों (नर्सरी) को भी रौंदकर पूरी तरह बर्बाद कर दिया है.
