खरसावां: सीमांता इंग्लिश मीडियम स्कूल के प्रांगण में गुरुवार को जन्माष्टमी महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. कार्यक्रम में बालक-बालिकाएं राधा-कृष्ण की आकर्षक वेशभूषा में सजकर पहुंचे. नन्हे राधा-कृष्ण के रूप ने सभी का मन मोह लिया. इस दौरान विद्यालय परिसर भक्तिमय और उत्सवी माहौल में डूबा रहा.
बच्चों को बताया जन्माष्टमी का महत्व
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव और जन्माष्टमी पर्व के महत्व की जानकारी दी गयी. शिक्षकों ने बच्चों को श्रीकृष्ण के जीवन और उनकी बाल लीलाओं से जुड़े प्रसंगों के बारे में बताया. पर्व की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता से भी बच्चों को अवगत कराया गया.
गीत-नृत्य से बच्चों ने दिखायी प्रतिभा
इसके बाद विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और जीवन प्रसंगों पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये. गीत, नृत्य और अन्य मनमोहक प्रस्तुतियों में बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया. बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का खूब मनोरंजन किया और विद्यालय का माहौल उत्सवमय बना दिया.
संस्कृति और परंपराओं से जुड़ते हैं बच्चे : प्राचार्य
विद्यालय के प्रधानाचार्य विवेक रंजन सतपथी ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों को भारतीय संस्कृति और पर्व-त्योहारों की जानकारी मिलती है. इससे उनमें अपनी परंपराओं के प्रति रुचि और जुड़ाव बढ़ता है. मौके पर शिक्षिकाएं गरिमा राय, अपर्णा राय, सुष्मिता सतपथी, प्रीति दास, वर्षा प्रधान, सुनीता प्रधान, रितिका राऊत, अपर्णा बेहरा, नीलू महतो, संगीता हेंब्रम समेत शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद थे.
