प्रताप मिश्रा की रिपोर्ट
Seraikela Kharsawan News : सरायकेला-खरसावां जिले का नीमडीह प्रखंड अंतर्गत बरेदा पंचायत के सबर टोला में अंचल अधिकारी श्री अभय कुमार द्विवेदी और उनकी टीम द्वारा संबंधित बीएलओ के साथ अमैप्ड डेटा सत्यापन के उद्देश्य से क्षेत्र भ्रमण किया गया. भ्रमण के दौरान लगभग 70 की संख्या में खड़िया परिवारों के सदस्यों से संवाद स्थापित कर आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की उपलब्धता के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई.
मंगलवार को प्रज्ञा केंद्र में प्रमाण पत्र निर्माण शिविर
समीक्षा के क्रम में कुछ परिवारों के पास आधार कार्ड उपलब्ध पाया गया.अंचल अधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया कि आगामी मंगलवार को संबंधित राजस्व कर्मचारी की उपस्थिति में बरेदा पंचायत भवन स्थित प्रज्ञा केंद्र में सभी खड़िया परिवार आवश्यक उपलब्ध दस्तावेजों के साथ उपस्थित हो, प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक प्रमाण पत्रों की प्रक्रिया सुनिश्चित की जा सके.
स्वास्थ्य, स्वच्छता व शिक्षा व्यवस्था की ली गई जानकारी
भ्रमण के दौरान अंचल अधिकारी द्वारा महिलाओं से स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली गई. ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि प्रत्येक सप्ताह एएनएम क्षेत्र में आती हैं, परंतु स्वच्छता व्यवस्था में कमी पाई गई. वहीं बच्चों से शिक्षा के संबंध में पूछताछ किए जाने पर कल्पना सबर, दिव्या सबर, दीपाली सबर एवं चिरंजी सबर सहित अन्य बच्चों ने नियमित रूप से विद्यालय जाने की जानकारी दी.
रोजगार और खान-पान की स्थिति का लिया गया जायजा
ग्रामीणों से आजीविका और खान-पान के संबंध में जानकारी लेने पर ज्ञात हुआ कि डाकिया योजना अंतर्गत प्राप्त चावल-दाल के अतिरिक्त ग्रामीण स्वयं सब्जी उत्पादन करते हैं तथा लघु वन उपज को स्थानीय साप्ताहिक हाट में विक्रय कर जीविकोपार्जन करते हैं. रोजगार के संबंध में पूछे जाने पर अधिकांश परिवारों द्वारा कार्य के लिए बाहर जाकर शाम तक वापस लौटने की जानकारी दी गई.
पेंशन शिकायतों पर कार्रवाई, 15 दिन बाद फिर होगा निरीक्षण
इस दौरान कुछ परिवारों द्वारा पेंशन नहीं मिलने की शिकायत भी दर्ज कराई गई, जिस पर अंचल अधिकारी एवं उनकी टीम द्वारा आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्या समाधान का आश्वासन दिया गया. साथ ही अगले 15 दिनों के उपरांत पुनः क्षेत्र भ्रमण कर स्थिति में हुए सुधार एवं योजनाओं की प्रगति का आकलन करने की बात कही गई.
पीसीसी सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
भ्रमण के दौरान ग्रामीणों द्वारा सबर टोला को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली पीसीसी सड़क निर्माण कार्य को लेकर असंतोष व्यक्त किया गया. इस पर संबंधित समस्याओं के संबंध में आवश्यक कार्रवाई हेतु संबंधित विभाग को अवगत कराने की बात कही गई.
ग्रामीणों ने प्रशासनिक पहल और संवाद की सराहना की
ग्रामीणों ने प्रशासनिक पदाधिकारियों के गांव पहुंचकर आमजन से सीधे संवाद स्थापित करने, उनकी समस्याओं को सुनने एवं समाधान हेतु पहल किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की. स्थानीय लोगों ने इसे प्रशासनिक संवेदनशीलता, सतर्कता एवं जनसमस्याओं के प्रति सकारात्मक पहल बताया.
यह भी पढ़ें: भीषण गर्मी में बिजली आपूर्ति दुरुस्त रखने का निर्देश, JBVNL निदेशक ने किया सबस्टेशनों का निरीक्षण
यह भी पढ़ें: झारखंड में बालू को लेकर बड़ा खेल, स्टॉक यार्ड में बालू ही नहीं तो नीलामी का टेंडर कैसे निकाला
