हिमांशु गोप की रिपोर्ट
Seraikela Kharsawan News: सरायकेला – खरसावां जिला अंतर्गत कपाली ओपी क्षेत्र के डोबो-कांदरबेड़ा मुख्य मार्ग स्थित डोंगाघाट, पुड़िसिलि में बीते 15 मई को हुए चर्चित युवक हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चापड़ भी बरामद किया गया है. मामले में शामिल एक अन्य आरोपी से पूछताछ के लिए पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है. इस संबंध में जानकारी देते हुए कपाली पुलिस ने बताया कि बीते 15 मई 2026 को डोंगाघाट क्षेत्र में एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था. युवक की हत्या बेहद क्रूरतापूर्वक चापड़ और भुजाली से वार कर की गई थी. बाद में मृतक की पहचान पूर्वी सिंहभूम जिले के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत किताडीह गाड़ीवान पट्टी निवासी मो तौसीफ उर्फ राज (21) के रूप में हुई. अनुसंधान के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर शनिवार को आरोपी अहमद जमील अंसारी (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया. आरोपी वर्तमान में जमशेदपुर के धतकीडीह क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहा था, जबकि उसका स्थायी निवास बिहार के सीवान जिले में है. पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. उसके बयान के आधार पर हत्या में प्रयुक्त चापड़ बरामद कर लिया गया है. गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
दूसरे आरोपी की भूमिका भी सामने आई
पूछताछ के दौरान इस हत्याकांड में साबीर अली उर्फ सोनू उर्फ सन्नू बच्चा की संलिप्तता भी सामने आई है. पुलिस ने बताया कि उक्त आरोपी पहले से ही एक अन्य आपराधिक मामले में गिरफ्तार होकर जेल में बंद है. उसे पुलिस रिमांड पर लेकर इस मामले में पूछताछ करने की तैयारी की जा रही है.
पहले भी दर्ज है आपराधिक मामला
कपाली पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अहमद जमील अंसारी के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामला दर्ज रहा है. वह वर्ष 2023 में सोनारी थाना क्षेत्र में दर्ज एक मामले में आरोपी रह चुका है.
छापेमारी दल में शामिल थे
कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार, हसनैन अंसारी, पुअनि रंजीत कुमार सिंह आदि शामिल थे.
यह भी पढ़ें: गोड्डा : विश्वासखानी में शुद्ध पेयजल प्लांट की सौगात, ग्रामीणों में खुशी की लहर
यह भी पढ़ें: HDFC और SBI कार्ड ब्लॉक होने का झांसा देकर उड़ाते थे पैसे, जामताड़ा से 3 साइबर अपराधी गिरफ्तारी
