सरायकेला में बालू विवाद ने पकड़ा उग्र रूप, JLKM और पुलिस जवान भिड़े, 3 घायल

Saraikela Sand Dispute: सरायकेला जिले के ईचागढ़ में अवैध बालू परिवहन को लेकर देर रात बड़ा बवाल हो गया. JLKM समर्थकों और पुलिस के बीच मारपीट हुई, जिसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हो गये. पुलिस ने JLKM नेता तरुण महतो समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है. समर्थकों ने गिरफ्तारी का विरोध करते हुए थाना में हंगामा किया. पूरी घटना की जांच जारी है.

Saraikela Sand Dispute, सरायकेला, (हिमांशु गोप/संजय महतो): सरायकेला के ईचागढ़ थाना क्षेत्र स्थित डुमटांड़ मोड़ पर मंगलवार देर रात अवैध बालू परिवहन को लेकर बड़ा हंगामा हो गया. स्थिति इतनी बिगड़ गयी कि पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा. स्थानीय लोगों का दावा है कि पुलिस ने हवाई फायरिंग भी की, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. मारपीट में ईचागढ़ थाना के मुंशी नरेश यादव, चौकीदार सनातन महली और मंगल मांझी घायल हो गये.

जेएलकेएम नेता तरुण महतो समेत 4 गिरफ्तार

इधर, पुलिस पर हमला करने और स्थल पर अवैध वसूली में शामिल होने के आरोप में जेएलकेएम नेता तरुण महतो सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. गिरफ्तार अन्य आरोपियों में धरणीधर महतो (बानसा), रामकृष्ण महतो (मानीकुई) और सुधांशु महतो (दियाडीह) शामिल हैं. तरुण महतो वर्ष 2024 में ईचागढ़ विधानसभा से जेएलकेएम के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं.

Also Read: सरायकेला में विवेकानंद केंद्र का भव्य लोकार्पण, राज्यपाल संतोष गंगवार बोले- यह सकारात्मक बदलाव लाने का स्थान

थाना में जुटे समर्थक, रिहाई की मांग

तरुण महतो की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में जेएलकेएम समर्थक और ग्रामीण ईचागढ़ थाना पहुंचकर खिलाफ पुलिस की कार्रवाई का विरोध करने लगे. समर्थकों का आरोप है कि घटना के दौरान तरुण महतो की स्कॉर्पियो में तोड़फोड़ की गयी और वाहन को धक्का देकर नहर में गिरा दिया गया.

क्या है पूरा मामला

जेएलकेएम समर्थकों का कहना है कि डुमटांड़ मोड़ पर अवैध बालू लदे हाईवा वाहनों से पुलिसकर्मी पैसे लेकर उन्हें जाने दे रहे थे. इसकी जानकारी मिलने पर तरुण महतो समर्थकों के साथ वहां पहुंचे और विरोध जताते हुए अपनी स्कॉर्पियो हाईवा के आगे खड़ी कर दी, जिससे सड़क पर लंबी कतार लग गयी. इस दौरान थाना प्रभारी विक्रमादित्य पांडे मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गयी. बाद में मामला इतना बिगड़ गया कि धक्का-मुक्की और मारपीट तक की नौबत आ पहुंची.

पुलिस का आरोप- JLKM समर्थक अवैध रूप ले वसूल रहे थे पैसे

दूसरी तरफ इस पूरे मामले पर पुलिस का कहना है कि तरुण महतो और उनके समर्थक मौके पर अवैध रूप से गाड़ियों से पैसे वसूल रहे थे. पुलिस जब पूछताछ के लिए घटना स्थल पर पहुंची तो उन्होंने पुलिस टीम पर हमला कर दिया, जिसमें तीन कर्मी घायल हो गये. पुलिस ने वहां से एक स्कॉर्पियो, एक बोलेरो और कई लाठियों को जब्त किया है.

थाना प्रभारी को हटाने की उठी मांग

घटना की सूचना के बाद जेएलकेएम नेता देवेंद्र नाथ महतो भी थाना पहुंचे. उन्होंने कहा कि ईचागढ़ में अवैध बालू परिवहन बेखौफ जारी है और इसमें पुलिस की मिलीभगत है. विरोध करने वालों पर कार्रवाई की जाती है. उन्होंने तरुण महतो सहित सभी गिरफ्तार लोगों को अविलंब रिहा करने और थाना प्रभारी विक्रमादित्य पांडे को हटाने की मांग की.

पुलिस क्या कह रही है

एसडीपीओ चांडिल अरविंद कुमार बिन्हा ने कहा कि देर रात सड़क जाम की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची. वहां तरुण महतो के नेतृत्व में पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गयी. तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं. मामले में चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है. अभी मामले की जांच जारी है.

Also Read: गिरिडीह में बिहार के 25 साल के चालक की हत्या, लोहे की छड़ लदा ट्रक दुमका से बरामद

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sameer Oraon

समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >