Saraikela: नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर मनोज चौधरी, राजा प्रताप आदित्य और प्रदीप आचार्य ने किया नॉमिनेशन

Saraikela: पूरे झारखंड में निकाय चुनाव का पूरा माहौल बन गया है. सरायकेला नगर पंचायत में भी चुनाव को लकर गहमा-गहमी है. मंगलावर को अध्यक्ष पद के लिए तीन लोगों ने नामांकन किया है.

Saraikela: निकाय चुनाव को लेकर नामांकन के पांचवें दिन सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर तीन उम्मीदवारों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया, जबकि दो लोगों ने नामांकन पत्र खरीदा है. वार्ड पार्षद में मंगलवार को 14 लोगों ने नामांकन किया जबकि तीन लोगों ने नामांकन पत्र खरीदा. आदित्यपुर नगर निगम में पांच उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है और दो लोगों ने नामांकन पत्र खरीदा है. सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर झामुमो समर्थित उम्मीदवार मनोज कुमार चौधरी, सेवानिवृत्त नवोदय शिक्षक प्रदीप कुमार आचार्य और राजघराने के राजा प्रताप आदित्य सिंहदेव ने अपना नामांकन दाखिल किया. वहीं दो लोगों में भाजपा समर्थित उम्मीदवार सुमित चौधरी और सनातन मुंडा ने नामांकन पत्र खरीदा है. आदित्यपुर नगर निगम से अध्यक्ष पद पर पांच उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है जिसमें शकुंतला महाली, बास्को बेसरा, रवींद्र बेसरा, भुगलु सोरेन और विक्रम मार्डी ने नामांकन किया, जबकि दो लोगो ने नामांकन पत्र खरीदा, जिसमें बारी सोरेन और सावित्री लेयांगी शामिल हैं. निकाय चुनाव के नामांकन की अंतिम तिथि बुधवार चार जनवरी को है.

जिला समाहरणालय में दिन भर रही गहमा गहमी

नामांकन के पांचवें दिन जिला समाहरणालय में दिन भर गहमा गहमी रही. उम्मीदवार ढोल नागाड़े के साथ वाहनों के काफीले लेकर जिला मुख्यालय पहुंचे और अपना नामांकन पत्र दाखिल किया.

वार्ड पार्षद में इन्होंने किया नामांकन

वार्ड एक : उमापदो मुखी, राकेश कुमार महांती, उत्तम कुमार महांती और सुजाता महांती
वार्ड तीन : ज्योती साहु
वार्ड पांच : गौतम नायक
वार्ड छह : बबीता कामिला
वार्ड सात : सविता पट्टनायक और रूपा दारोघा
वार्ड आठ : राजेश कुमार पट्टनायक, मीरा बारीक, रेखा महांती
वार्ड नौ : वरूण कुमार साहु
वार्ड 11 : सांत्वना दाश

क्षेत्र का विकास और जनता के सुख दुख में साथ दूंगा : मनोज चौधरी

सरायकेला नगर पंचायत के अध्यक्ष पद पर झामुमो समर्थित प्रत्याशी मनोज कुमार चौधरी ने मंगलवार को नामांकन किया. इससे पहले चौधरी ने स्थानीय बजरंग चौक से गाजा बाजा के साथ पुराना बस स्टैंड चौक, कालुराम चौक, संजय चौक, गैरेज चौक सहित अन्य क्षेत्र का भ्रमण करते हुए जुलुस की शक्ल में जिला समाहरणालय स्थित निर्वाची कार्यालय पहुंचे और नामांकन किया. नामांकन के बाद श्री चौधरी ने कहा कि सरायकेला का विकास करना और जन जन के दुख सुख में शरीक होकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करना ही प्राथमिकता है. चौधरी ने झामुमो के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि हम पर विश्वास जताते हुए अपना समर्थन दिये हैं उनके उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा. उन्होंने कहा कि जनसेवा ही हमारा लक्ष्य है इसलिए जनता के प्रत्येक कदम पर साथ रहूंगा. नामांकन से पहले उन्होंने बुजुर्गो से आर्शीवाद भी लिया. मौके पर झामुमो जिलाध्यक्ष डॉ शिवेंदु महतो, जिला उपाध्यक्ष भोला महंती, नगर अध्यक्ष शंभु आचार्य, अविनाश कवि सहित काफी संख्या में झामुमो नेता व समर्थक शामिल थे.

राजा प्रताप ने क्या कहा

सरायकेला राजघराने के राजा प्रताप आदित्य सिंहदेव ने अपना नामांकन भरा. नामांकन के बाद राजा प्रताप ने कहा कि सरायकेला को मॉडल जिला मुख्यालय के रूप में विकसित करना है, अभी सरायकेला में अनुमंडल की तरह सुविधा है उससे बेहतर करना है. श्री सिंहदेव ने कहा कि इससे पूर्व दो टर्म जनता ने रानी अरूणीमा सिंहदेव को मौका दिया था. उनके अधूरे कार्यो को पूरा करना व शहर का विकास करना है. उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं को जन जन तक पहुंचाना है साथ ही आधारभूत संरचना का विकास करना है. मौके पर रानी अरूणीमा सिंहदेव, त्रिविक्रम सिंहदेव, जयप्रकाश सिंहदेव, ज्योति प्रकाश सिंहदेव, अभिषेक सिंहदेव, राज बागची, देवदुत महंती, दामुकर मोदक सहित कई समर्थक शामिल थे.

शहर की जनता की सेवा करना चाहता हूं, मौका दें : प्रदीप आचार्य

सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर नवोदय स्कूल के सेवानिवृत्त शिक्षक प्रदीप कुमार आचार्य ने अपना नामांकन दाखिल किया. नामाकन दाखिल करने के बाद श्री आचार्य ने कहा कि सरायकेला नगर पंचायत के लोगों के समक्ष विकल्प बहुत हैं. नगर पंचायत क्षेत्र की जनता को यह तय करना है कि वे किस पर अपना भरोसा जताएंगे. पुराने चेहरों पर या फिर नये चेहरे पर. उन्होंने कहा कि अपने सेवाकाल में बच्चों को प्रतिनिधित्व करने का प्रशिक्षण दिया. मेरे द्वारा प्रशिक्षित बच्चे राष्ट्रपति अवॉर्ड के लिए चयनित हो चुके हैं. मैं नगर क्षेत्र की जनता के लिए काम करना चाहता हूं. जनता को अपना प्रतिनिधि तय करना है. मौके पर शिवेंदु दास सहित अन्य उपस्थित थे.

इसे भी पढ़ें: 

Land Survey: हजारीबाग में 100 से साल से अधर में लटका है भूमि सर्वेक्षण का काम, डीसी को सौंपा गया ज्ञापन

Jharkhand Civic Polls: धनबाद के डीसी-एसपी ने डिस्पैच और रिसीविंग सेंटर का किया निरीक्षण, बारीकी से की जांच

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >