चांडिल : चांडिल थाना क्षेत्र स्थित टाटा -रांची मार्ग एनएच-33 के गोलचक्कर पर रविवार को एक तेल टैंकर में अचानक भीषण आग लग गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है. देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और घटनास्थल पर धुएं का घना गुबार फैल गया. घटना के बाद कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. देखते ही देखते टैंकर के इंजन वाला हिस्सा जलाकर स्वाहा हो गया.
घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. जानकारी के अनुसार जैसे ही टैंकर चांडिल पहुंचा, वैसे ही टैंकर के आगे की हिस्सा से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते टैंकर में आग लग गई. टैंकर में आग लगते देख चालक ने सड़क किनारे टैंकर को खड़ा कर चालक गाड़ी से उतर गया. टैंकर खाली था, जो जमशेदपुर से खूंटी जा रहा था.
थाना प्रभारी संतन तिवारी ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की टीम को तत्काल बुलाया गया है. दमकल कर्मी आग बुझाने में जुटे हुए हैं. साथ ही रांची-जमशेदपुर मार्ग पर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करते हुए कई वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से भेजा गया. आग लगने के कारण एनएच-33 पर यातायात प्रभावित हो गया है और दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई. घटना में किसी के हताहत नहीं हुई है. आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है.
