बदहाल एनएच 32 : स्टेशन रोड से बाजार तक जलजमाव से राहगीर परेशान

चांडिल में एनएच 32 पर नाले के गंदे पानी और जलजमाव से राहगीर परेशान हैं। रथयात्रा से पहले सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है।

प्रतिनिधि, चांडिल : भगवान जगन्नाथ की ऐतिहासिक रथयात्रा में अब कुछ ही दिन शेष हैं, लेकिन चांडिल बाजार और चांडिल स्टेशन चौक से करीब एक किलोमीटर तक राष्ट्रीय राजमार्ग-32 की बदहाल स्थिति ने प्रशासन के दावों की पोल खोल दी है. नाला जाम होने के कारण घरों का गंदा पानी और बारिश का पानी सीधे मुख्य सड़क पर बह रहा है. कई स्थानों पर गहरा जलजमाव और कीचड़ होने से प्रतिदिन हजारों लोगों को नारकीय स्थिति का सामना करना पड़ रहा है.

स्कूली बच्चों और दोपहिया चालकों के लिए बना मुसीबत

यह सड़क चांडिल बाजार का सबसे व्यस्त मार्ग है, जहां सुबह से शाम तक स्कूली बच्चों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों की भारी आवाजाही रहती है. चांडिल स्टेशन डाक बंगला के समीप स्थित ''ब्लू बेल्स'' स्कूल के सामने नाले का गंदा पानी जमा होने से छोटे-छोटे नन्हे बच्चों को स्कूल आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है. सड़क पर फिसलन के कारण दोपहिया वाहन चालक लगातार दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं. हल्की बारिश होते ही यह हाइवे तालाब का रूप ले लेता है.

लंबे समय से नहीं हुई सफाई, व्यापारियों का धंधा चौपट

स्थानीय लोगों का आरोप है कि नालियों की लंबे समय से सफाई न होने के कारण जल निकासी पूरी तरह बाधित है. कई बार संबंधित विभाग को शिकायत के बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया. सड़क पर गंदा पानी जमा रहने से दुकानों में ग्राहकों की आवाजाही ठप हो गयी है, जिससे स्थानीय व्यापारियों को भारी नुकसान हो रहा है. साथ ही, इलाके में मच्छरों का प्रकोप और संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ गया है.

इसी मार्ग से गुजरेगी रथयात्रा, प्रशासन से कार्रवाई की मांग

इस बार यह समस्या इसलिए और गंभीर है क्योंकि आगामी रथयात्रा के दौरान भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के रथ इसी मार्ग से होकर मौसीबाड़ी पहुंचेंगे. महाप्रभु के दर्शन के लिए सड़क के दोनों ओर हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है. ऐसे में कीचड़ और जलजमाव के बीच कोई भी बड़ी अप्रिय घटना घट सकती है. स्थानीय निवासियों और दुकानदारों ने जिला प्रशासन, पथ निर्माण विभाग और नगर निकाय से रथयात्रा से पूर्व युद्धस्तर पर नाले की सफाई कराने और सड़क की मरम्मत सुनिश्चित करने की पुरजोर मांग की है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Himanshu gope

Published by: Amleshnandan Sinha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >