सरायकेला : एनबीसी तितिरबिला की ओर से आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन मंगलवार को हो गया. प्रतियोगिता में सरायकेला-खरसावां के अलावा आसपास के क्षेत्रों व ओडिशा और पश्चिम बंगाल से भी टीमों ने हिस्सा लिया. खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया. प्रतियोगिता के दौरान बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मैदान में जुटे.
विजेता टीम को 1.25 लाख रुपये और ट्रॉफी प्रदान किया
प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले के बाद विजेता टीम सुमन एफसी को प्रथम पुरस्कार के रूप में 1.25 लाख रुपये और ट्रॉफी प्रदान की गयी. वहीं, मोहाली ब्रदर को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 80 हजार रुपये व ट्रॉफी, जमशेदपुर को तृतीय पुरस्कार के रूप में 40 हजार रुपये व ट्रॉफी तथा बाबलू स्पोर्टिंग को चौथा पुरस्कार 40 हजार रुपये व ट्रॉफी दिया गया. वहीं, नरवा पहाड़ को पांचवां और हर हर शंभू को छठा पुरस्कार के रूप में 25-25 हजार रुपये व ट्रॉफी प्रदान की गयी.
खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर अपने गांव का नाम रोशन करें : दशरथ
विजेता टीमो को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत किया गया. प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि दशरथ गागराई ने आयोजन समिति और सभी खिलाड़ियों को बधाई दी. उन्होंने कहा - कोल्हान प्रमंडल के ग्रामीण क्षेत्रों में फुटबॉल सबसे लोकप्रिय खेलों में से एक है. ऐसे आयोजनों से ग्रामीण प्रतिभाओं को अपनी खेल क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है. उन्होंने खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन कर अपने गांव और क्षेत्र का नाम रोशन करने की अपील की.
सफल आयोजन में इनकी रही सराहनीय भूमिका
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में समिति के अध्यक्ष अजय तोपनो, सचिव बाबलू पूर्ति, कोषाध्यक्ष वीरसिंह तपनो, सदस्य रामू पूर्ति, गुनिया तियू, महेंद्र हेंब्रम, गोरा चांद हेंब्रम, मुखिया सुधीर बोदरा, बीके बोदरा, सन्नी पूर्ति समेत समिति के सदस्यों और ग्रामीणों का महत्वपूर्ण योगदान रहा.
