खरसावां | खरसावां विधायक दशरथ गागराई व ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने रामगढ़ में लुकैयाटांड़ स्थित सोना-सोबरन विद्यालय परिसर में झारखंड आंदोलन के प्रणेता दिशोम गुरु स्व. शिबु सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की. इस दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों ने गुरुजी के बताए आदर्शों और संघर्ष के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया. मौके पर विधायक दशरथ गागराई ने कहा - दिशोम गुरु भले ही आज शारीरिक रूप से हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनका संघर्ष, विचार और मार्गदर्शन सदैव झारखंडवासियों को प्रेरित करता रहेगा.
राज्य निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका रही
विधायक दशरथ गगराई ने कहा - गुरुजी ने अपने लंबे आंदोलन और संघर्ष के बल पर झारखंड को अलग पहचान दिलायी तथा राज्य निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभायी. वे केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि जनभावनाओं के प्रतीक और करोड़ों लोगों की आवाज थे. अब राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना और उनके सपनों का झारखंड बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा - गुरुजी के विचारों को आत्मसात करना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी. मालूम हो कि मंगलवार को दिशोम गुरु शिबु सोरेन के प्रथम पुण्य तिथि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी मां रुपी सोरेन के साथ रामगढ़ में लुकैयाटांड़ स्थित सोना-सोबरन विद्यालय परिसर में गुरुजी के प्रतिमा का अनावरण किया था.
