चांडिल. सरायकेला -खरसावां जिला के उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला परिवहन कार्यालय द्वारा प्रखंडवार लर्नर लाइसेंस शिविर आयोजित किये जा रहे हैं. इसी क्रम में मंगलवार को कुकड़ू प्रखंड के पंचायत भवन, बेरासी सिरूम में लर्नर लाइसेंस शिविर लगाया गया.
शिविर में लेटेमदा, जानुम, बेरासी सिरूम, पारगामा और ओडिया पंचायत के पूर्व से ऑनलाइन स्लॉट बुक कराने वाले अभ्यर्थियों को शामिल किया गया. अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन, ऑनलाइन आवेदन की जांच तथा निर्धारित प्रावधानों के तहत लर्नर लाइसेंस परीक्षा करायी गयी.
108 अभ्यर्थी हुए शामिल
जिला परिवहन कार्यालय के अनुसार शिविर के लिए कुल 165 स्लॉट निर्धारित थे. इनमें 108 अभ्यर्थी परीक्षा में सफल हुए, 15 असफल रहे, जबकि 42 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे. सफल सभी अभ्यर्थियों को लर्नर लाइसेंस उपलब्ध करा दिया गया.
शिविर में मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई) के साथ प्रखंड प्रशासन के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे. जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि प्रखंड स्तर पर शिविर आयोजित करने का उद्देश्य लोगों को उनके निकट ही लर्नर लाइसेंस की सुविधा उपलब्ध कराना तथा आवेदन प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाना है. उन्होंने वाहन चालकों से वैध ड्राइविंग लाइसेंस के साथ वाहन चलाने, यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की.
