सरायकेला से शचिंद्र कुमार दाश की रिपोर्ट
Kerala Man Rajit Cycles Across India: अगर इरादे मजबूत हों तो मंजिल खुद रास्ता बना लेती है. केरल के युवा रजित इसी सोच के साथ साइकिल पर भारत को जानने और समझने की अनोखी यात्रा पर निकले हैं. सीमित संसाधनों लेकिन असीम उत्साह के साथ शुरू हुई उनकी यात्रा आज हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी है. पांच जनवरी 2025 को रजित केलरम से एक साइकिल और एक बैग में जरूरी सामानों के साथ निकले थे. अपने इस रोमांचक सफर में करीब डेढ़ वर्ष में रजित 30 हजार किलोमीटर दूरी तय कर 23 राज्यों की सीमाओं को साइकिल से पार कर चुके हैं.
23 राज्यों की सीमाएं पार कर सरायकेला-खरसावां पहुंचा रजित
पश्चिम बंगाल से होते हुए रजित सरायकेला-खरसावां जिले पहुंचे. यहां उन्होंने चांडिल डैम समेत जिले के कई प्राकृतिक सौंदर्य के साथ साथ मनोरम पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया. स्थानीय लोगों से बातचीत कर उन्होंने क्षेत्र की संस्कृति, परंपराओं और जीवनशैली के बारे में जानकारी ली. केरल के रजित का मानना है कि भारत को सही मायनों में जानना है तो उसके गांवों, कस्बों, शहरों और वहां रहने वाले लोगों के बीच जाना होगा. इसी सोच के साथ उन्होंने पांच जनवरी 2025 को साइकिल यात्रा शुरू की थी, जो आज भी जारी है.
बचपन से ही साइकिल चलाने का शौक
रजित बताते हैं कि उन्हें बचपन से ही साइकिल चलाने का शौक था. स्कूल और कॉलेज के दिनों में वह साइक्लिंग प्रतियोगिताओं में चैंपियन भी रह चुके हैं. यही शौक धीरे-धीरे एक बड़े सपने में बदल गया. उन्होंने तय किया कि वह साइकिल के माध्यम से देशभर में घूमेंगे और भारत को किताबों से नहीं, बल्कि लोगों के बीच जाकर समझेंगे. रजित ने अब तक वह पूर्वोत्तर भारत के सभी राज्यों के अलावा उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और तमिलनाडु समेत कई राज्यों का भ्रमण कर चुके हैं.
रांची में धोनी के पुराने घर और उनसे जुड़ी यादों को देखा
मंगलवार को सरायकेला-खरसावां से आगे रजित रांची पहुंचे, जहां उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी के पुराने घर और उनसे जुड़ी यादों को देखा. उन्होंने माही से जुड़े सिग्नेचर वाले बल्ले, हेलमेट और अन्य यादों को करीब से देखा. अब उनकी अगली मंजिल ओड़िशा है. रजित का कहना है कि यह यात्रा केवल दूरी तय करने की नहीं, बल्कि भारत की आत्मा को महसूस करने की यात्रा है. यात्रा के दौरान वह स्थानीय खान-पान, लोक संस्कृति, कला और भाषाओं को जानने का प्रयास करते हैं. भारत की विविध संस्कृति, भाषा, परंपराओं और लोगों के जीवन को करीब से समझ रहे है.
यह भी पढ़ें: JSCA स्टेडियम में जेपीएल फाइनल के दौरान भगदड़, कई घायल; गेट पर तोड़फोड़
यह भी पढ़ें: बिरसा मुंडा जेल में महिला कैदी के गर्भवती मामला: हाईकोर्ट में सीलबंद लिफाफे में पेश की गई रिपोर्ट
