खरसावां: कल्याण गुरुकुल सीनी में गुरुवार को बैच-57 के सीएनसी ट्रेड के 17 प्रशिक्षुओं के लोकल प्लेसमेंट के लिए फ्लैग ऑफ समारोह आयोजित किया गया. प्रशिक्षुओं को श्रीउनहाट मेटलिक, कोलबेरा (Shriunhat Maltalic Kolabera) में रोजगार के लिए रवाना किया गया. रोजगार के लिए रवाना होने से पहले गुरुकुल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं में उत्साह का माहौल रहा. कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला परिषद सदस्य लक्ष्मी देवी ने प्रशिक्षुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रोजगार के इस अवसर का बेहतर तरीके से उपयोग करें. कार्यस्थल पर अनुशासन, मेहनत और ईमानदारी के साथ काम कर अपने परिवार, गुरुकुल और झारखंड का नाम रोशन करें. गुरुकुल के प्रिंसिपल सूबेदार मेजर श्री राम साह ने प्रशिक्षुओं को कार्यस्थल पर जिम्मेदारी के साथ काम करने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त तकनीकी ज्ञान का उपयोग कर युवा अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं. साथ ही उन्होंने प्रशिक्षुओं से अपने दोस्तों और अन्य युवाओं को भी कौशल प्रशिक्षण के लिए गुरुकुल से जोड़ने के लिए प्रेरित किया. कार्यक्रम में ट्रेनर मनीष वर्मा, मोहम्मद दिलशाद, रविंद्र मुर्मू, एमआइएस राम बिलास समेत गुरुकुल के कर्मी एवं प्रशिक्षु मौजूद थे. अतिथियों और गुरुकुल परिवार ने सभी प्रशिक्षुओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें रोजगार के लिए रवाना किया.
कल्याण गुरुकुल के 17 युवाओं का लोकल प्लेसमेंट के लिए फ्लैग ऑफ समारोह

कल्याण गुरुकुल के 17 युवाओं के लोकल प्लेसमेंट फ्लैग ऑफ समारोह में अतिथियों के साथ युवा | Prabhat Khabar Network
कल्याण गुरुकुल सीनी के 17 प्रशिक्षुओं को लोकल प्लेसमेंट के लिए रवाना किया गया। जिला परिषद सदस्य ने युवाओं को अनुशासन और मेहनत के साथ काम करने की सीख दी।