रांची-जमशेदपुर सफर होगा आसान, 214 करोड़ से बदलेगी NH-33 की सूरत, भूमि पूजन आज

Jharkhand Road Project: रांची-टाटा रोड (NH-33) के पुनर्विकास के लिए 214.79 करोड़ रुपये की योजना मंजूर होगा. 18 जून को रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ इसका भूमि पूजन करेंगे.

सरायकेला से शचिंद्र दाश और हिमांशु गोप की रिपोर्ट

Jharkhand Road Project, रांची: झारखंड के सबसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्गों में से एक रांची–महुलिया (टाटा) खंड, राष्ट्रीय राजमार्ग-33 (नया एनएच-43 एवं एनएच-18) के सुदृढ़ीकरण एवं पुनर्विकास के लिए 214.79 करोड़ रुपये की ओवरले परियोजना को स्वीकृति प्रदान की गई है. 18 जून को सरायकेला-खरसावां जिले के चौका मोड़ स्थित दादूर बगान परिसर में दोपहर एक बजे इस सड़क का भूमि पूजन किया जाएगा. भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्य रुप से भारत सरकार के केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सह स्थानीय सांसद संजय सेठ, जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो समेत विभागीय पदाधिकारी मौजूद रहेंगे.

रांची और जमशेदपुर के बीच यात्रा अधिक सुगम

इस महत्वपूर्ण परियोजना के पूर्ण होने से रांची और जमशेदपुर के बीच यात्रा अधिक सुगम, सुरक्षित एवं आरामदायक होगी. रांची-महुलिया खंड राज्य की राजधानी रांची को औद्योगिक नगरी जमशेदपुर से जोड़ने वाला प्रमुख परिवहन गलियारा है. इस मार्ग पर प्रतिदिन भारी वाणिज्यिक वाहनों, यात्री बसों, खनिज परिवहन वाहनों तथा स्थानीय यातायात का व्यापक आवागमन होता है. लगातार बढ़ती यातायात, मानसून के दौरान जल प्रवेश और सड़क की बढ़ती आयु के कारण कई स्थानों पर सड़क की सतह क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे यात्रा प्रभावित हो रही है.

Also Read: राज्यसभा चुनाव: अग्निपरीक्षा की आखिरी रात, बची रहेगी ईमान या पैसों की खातिर बिक जाएंगे श्रीमान?

सड़क की संरचनात्मक क्षमता बढ़ेगी

प्रस्तावित कार्य के अंतर्गत क्षतिग्रस्त बिटुमिनस सतह की मिलिंग कर उसे हटाया जाएगा और आवश्यक सुदृढ़ीकरण के बाद डेंस बिटुमिनस मैकाडम (DBM) और बिटुमिनस कंक्रीट (BC) की नई परत बिछाई जाएगी. इससे सड़क की स्ट्रक्चरल कैपेसिटी बढ़ेगी. यात्रा के समय में कमी आने के साथ साथ सड़क सुरक्षा में भी उल्लेखनीय सुधार होगा. यह परियोजना खनिजों, औद्योगिक उत्पादों तथा अंतर्राज्यीय यातायात के दृष्टिकोण से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है. रांची–टाटा कॉरिडोर झारखंड को ओडिशा एवं पश्चिम बंगाल से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. परियोजना के पूर्ण होने के बाद इस मार्ग पर यातायात संचालन और अधिक सुगम एवं निर्बाध हो सकेगा.

आईआरसी के मानकों के अनुरूप होगा कार्य

मथुरा स्थित मेसर्स एसआरएससी इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड को इस कार्य के लिए दो पैकेजों में कुल 214.79 करोड़ रुपये की लागत से कार्य आवंटित किया गया है. निर्माण कार्य भारतीय सड़क कांग्रेस (IRC) के मानकों, स्वीकृत तकनीकी विनिर्देशों एवं गुणवत्ता नियंत्रण प्रक्रियाओं के अनुरूप किया जाएगा. इस महत्वपूर्ण परियोजना को रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के सतत प्रयासों एवं पहल के परिणामस्वरूप स्वीकृति प्राप्त हुई है. संजय सेठ ने रांची-टाटा मार्ग की जर्जर स्थिति को देखते हुए इसके सुदृढ़ीकरण की आवश्यकता को लगातार संबंधित मंत्रालय एवं विभागों के समक्ष उठाया था. यह परियोजना झारखंड के आधारभूत ढांचे को मजबूती प्रदान करने के साथ-साथ क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों, औद्योगिक विकास एवं यातायात सुविधा को नई गति प्रदान करेगी.

Also Read: लंबे समय बाद चाकुलिया लौटा रामलाल हाथी, तालाब में स्नान करते देख उमड़ी भीड़

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sameer Oraon

समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >