चांडिल: लगातार हो रही झमाझम बारिश के कारण चांडिल का प्रसिद्ध प्राचीन जयदा शिव मंदिर जाने वाला पुलिया पूरी तरह पानी में डूब गया है. पुलिया के ऊपर करीब एक से दो फीट पानी बह रहा है, जिससे मंदिर तक श्रद्धालुओं और आम लोगों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है. जलस्तर बढ़ने के कारण मंदिर में रह रहे महंत केशवानंद सरस्वती समेत करीब एक दर्जन लोग भी मंदिर परिसर में ही रहने को विवश हैं. पुलिया के डूब जाने से मंदिर में फंसे लोग बाहर नहीं निकल पा रहे हैं.
बारिश के कारण सुवर्णरेखा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. नदी का पानी पुलिया के ऊपर से बहने के कारण स्थिति गंभीर बनी हुई है. मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को पुल के दोनों ओर रोक दिया गया है. सुरक्षा को देखते हुए लोगों को पानी के तेज बहाव के बीच पुल पार नहीं करने की सलाह दी जा रही है.
मंदिर में फंसे लोग
मंदिर के महंत केशवानंद सरस्वती समेत अन्य लोग पानी घटने का इंतजार कर रहे हैं. उनका कहना है कि पुलिया के ऊपर पानी का बहाव तेज होने के कारण फिलहाल मंदिर से बाहर निकलना संभव नहीं है. लगातार बारिश जारी रहने से पानी और बढ़ने की आशंका बनी हुई है.
जयदा मंदिर क्षेत्र में हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. पुलिया के डूब जाने से श्रद्धालुओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पुलिया और नदी के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखने तथा जरूरत पड़ने पर मंदिर में फंसे लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.
