सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को पटरी पर लाने और प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा फेरबदल किया है. उपायुक्त के निर्देश पर सिविल सर्जन कार्यालय ने चार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया है. आदेश के अनुसार, डॉ. वीरांगना सिंकू को खरसावां से स्थानांतरित कर राजनगर सीएचसी का नया प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि वहां के पूर्व प्रभारी डॉ. श्याम सोरेन को हटा दिया गया है.
इसके अलावा, डॉ. सुजीत कुमार मुर्मू को खरसावां, डॉ. अनंत कुमार महतो को गम्हरिया तथा डॉ. निर्मन राशि टोप्पो को नीमडीह सीएचसी की कमान सौंपी गयी है. हालांकि, इस बदलाव के बीच राजनगर सीएचसी में लंबे समय से विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी और बंद पड़ी सिजेरियन (प्रसव) सेवा स्थानीय जनता के लिए अब भी गहरी चिंता का विषय बनी हुई है.
किसे मिली कहां की जिम्मेदारी
डॉ. वीरांगना सिंकू : प्रभारी, राजनगर सीएचसीडॉ. सुजीत कुमार मुर्मू: प्रभारी, खरसावां सीएचसी
डॉ. अनंत कुमार महतो : प्रभारी, गम्हरिया सीएचसीडॉ. निर्मन राशि टोप्पो: प्रभारी, नीमडीह सीएचसी
सिविल सर्जन डॉ सरजू प्रसाद सिंह ने कहा कि प्रशासनिक समन्वय को मजबूत करने, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने और मरीजों को समय पर बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह फेरबदल किया गया है.
