चांडिल: चौका-कांड्रा मुख्य सड़क मार्ग की बदहाल स्थिति को देखकर प्रसिद्ध फिल्मी गीत ‘बाबूजी धीरे चलना, इस राह में जरा संभलना’ की पंक्तियां बिल्कुल सटीक बैठती हैं. चौका से खूंटी तक करीब डेढ़ किलोमीटर सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है. बारिश का पानी और कीचड़ भरने से वाहन चालकों के लिए यहां से गुजरना कतरे से खाली नहीं है.
बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें, गड्ढों में फंस रहे वाहन
वहीं, पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश ने सड़कों की स्थिति को और बदतर बना दिया है. पानी से लबालब बड़े-बड़े गड्ढे दूर से दिखाई नहीं देते, जिससे वाहन चालक अचानक उसमें फंस जाते हैं. स्थिति इतनी गंभीर है कि छोटे-बड़े वाहन और मालवाहक गड्ढों में फंसकर बंद हो रहे हैं, जिन्हें निकालने के लिए जेसीबी की मदद लेनी पड़ी. इस वजह से मार्ग पर अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है.
स्कूली बच्चों से लेकर मरीजों तक को भारी परेशानी
इस व्यस्त मार्ग से रोजाना स्कूली बच्चों, कॉलेज विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों के अलावा मरीजों और गर्भवती महिलाओं का आना-जाना होता है. सड़क की जर्जर हालत के कारण एंबुलेंस और अन्य वाहनों को भी निकलने में भारी मशक्कत करनी पड़ती है. गड्ढों के कारण वाहनों के असंतुलित होने से हर वक्त किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है.
टोल टैक्स वसूली के बावजूद सड़क बदहाल
खास बात यह है कि चौका-कांड्रा मार्ग एक टोल रोड है, जहां गिद्दीबेड़ा टोल प्लाजा पर नियमित रूप से भारी-भरकम टोल टैक्स वसूला जाता है. इसके बावजूद सड़क की मरम्मत न होने से वाहन चालकों और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है. लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से अविलंब सड़क की मरम्मत कराने की जोरदार मांग की है.
