चांडिल। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने शनिवार को 50-ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के नगर परिषद कपाली का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्र संख्या 330, 331, 332, 333 एवं 335 से 340 तक के मतदाताओं के घर पहुंचकर गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) के वितरण का सत्यापन किया और अभियान की प्रगति का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन कार्य की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया.
उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक गणना प्रपत्र पहुंचना चाहिए तथा शत-प्रतिशत वितरण, समयबद्ध संग्रहण और डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाए. साथ ही डाटा की शुद्धता और अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण पर विशेष ध्यान देने को कहा. उपायुक्त ने संबंधित सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, बीएलओ सुपरवाइजर एवं बीएलओ को क्षेत्रवार प्रगति की नियमित समीक्षा करने तथा लंबित कार्यों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारी एवं बीएलओ सुपरवाइजर के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 मतदाता सूची को अद्यतन, शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है. सभी निर्वाचन कर्मी पूरी जिम्मेदारी और समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें.
उपायुक्त ने आम नागरिकों से अपील की कि सभी पात्र मतदाता गणना प्रपत्र सही ढंग से भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराएं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे. निरीक्षण के दौरान नगर परिषद कपाली के कार्यपालक पदाधिकारी, नगर प्रबंधक, बीएलओ सुपरवाइजर आदि संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.
