हेवी ब्लास्टिंग से थर्रा रहे ग्रामीण, मकानों में दरारें, डीसी से लगाई रोक की गुहार

सरायकेला के राजनगर में स्टोन क्रशर की हेवी ब्लास्टिंग से ग्रामीणों के घरों में दरारें आ गई हैं. ग्रामीणों ने डीसी से जांच और मुआवजे की मांग की है.

सरायकेला : राजनगर अंचल की पोटका पंचायत स्थित मिडकी गांव के भगवती स्टोन क्रशर मालिक पर हेवी ब्लास्टिंग का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने मंगलवार को डीसी कार्यालय पहुंचकर उपायुक्त के नाम हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपा. ब्लास्टिंग पर रोक लगाने की मांग की. बताया गया कि तेज धमाकों और धरती के कंपन से कमारबासा समेत आसपास के गांवों के लोगों में भय का माहौल है. ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री को भी भेजी गयी है.

पिछले तीन सालों से हो रही हेवी ब्लास्टिंग

ग्रामीणों का आरोप है कि क्रशर में पिछले करीब तीन वर्षों से भारी ब्लास्टिंग की जा रही है. इसके कंपन और धमाकों के कारण कई घरों की दीवारों में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गयी हैं. कई जगहों पर चहारदीवारी गिर गयी है. हाल में लगातार हुई बारिश के दौरान एक मकान की दीवार अचानक ढह गयी. परिवार के लोग बाल-बाल बच गये. यदि यह सिलसिला नहीं रुका, तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रात में भी नियमविरुद्ध तरीके से ब्लास्टिंग की जाती है. धमाकों से बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं बेहद भयभीत रहते हैं.

सर्वे कराकर मुआवजे की मांग

ज्ञापन में ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रभावित मकानों का तकनीकी सर्वेक्षण कराकर कुल क्षति का आकलन किया जाये. दोषी पाये जाने पर क्रशर संचालक से उचित मुआवजा दिलाया जाये. ग्रामीणों ने आग्रह किया है कि जब तक मामले की जांच पूरी नहीं होती, तब तक हेवी ब्लास्टिंग पर रोक लगायी जाये. नियमों का उल्लंघन मिलने पर संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाये. ज्ञापन सौंपने वालों में उपमुखिया सुकुरमनी तियु, अभिराम पूर्ति, अजीत तियु, राम हेंब्रम, संजय लोहार, साम लोहार, केसी हेंब्रम, बिनोद लोहार, सूरज बानरा, तरुण बानरा और धनंजय तांती सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रताप कुमार मिश्रा

प्रताप कुमार मिश्रा वर्ष 2003 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने कोल्हन विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातक किया है. राजनीतिक, सामाजिक, क्राइम, खेल की खबरों में इन्हें विशेषज्ञता हासिल है. डिजिटल जर्नलिज्म में 10 साल का अनुभव है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >