साइबर ठगों ने BDO बनकर किया फोन, किसान के खाते से उड़ाए 59 हजार रुपये

झारखंड के चांडिल में साइबर ठगों ने बीडीओ बनकर सुखाड़ राहत राशि दिलाने के नाम पर एक किसान के बैंक खाते से 59 हजार रुपये की ठगी की. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत तिरूलडीह थाना क्षेत्र के चौड़ा गांव निवासी मो. साहरूख हुसैन साइबर ठगी के शिकार हो गए. ठगों ने खुद को कुकड़ू प्रखंड का बीडीओ बताकर सुखाड़ राहत योजना की राशि दिलाने का भरोसा दिया और डीबीटी लिंक कराने के नाम पर 59 हजार रुपये की ठगी कर ली.

BDO बताकर की ठगी

पीड़ित ने तिरूलडीह थाना में दिए आवेदन में बताया कि 17 जुलाई को उनके मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया. उसने स्वयं को कुकड़ू प्रखंड का बीडीओ बताते हुए कहा कि कृषि विभाग की सुखाड़ राहत योजना की राशि उनके खाते में इसलिए नहीं पहुंची है क्योंकि बैंक खाता डीबीटी से लिंक नहीं है. इसके बाद आरोपी ने डीबीटी लिंक कराने के लिए एक लिंक भेजा और उस पर क्लिक करने को कहा.

लिंक पर क्लिक करते ही कटे पैसे

पीड़ित के लिंक पर क्लिक करते ही फोनपे के माध्यम से अनिकेत कुमार नामक व्यक्ति के खाते में तीन बार में 19 हजार, 20 हजार और 20 हजार रुपये, कुल 59 हजार रुपये ट्रांसफर हो गए. खाते से रुपये कटने का संदेश मिलने पर उन्हें ठगी का एहसास हुआ. इसके बाद उन्होंने तिरूलडीह थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

साइबर ठगी से बचने के लिए बरतें सावधानी

साइबर अपराधी लगातार सरकारी अधिकारी, बैंक कर्मचारी और सरकारी योजनाओं का नाम लेकर लोगों को निशाना बना रहे हैं. किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल पर भेजे गए लिंक पर क्लिक न करें और न ही ओटीपी, यूपीआई पिन या बैंक खाते की गोपनीय जानकारी साझा करें. किसी भी संदिग्ध कॉल की पुष्टि संबंधित कार्यालय से करें. साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं तथा निकटतम थाना या साइबर थाना में सूचना दें.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >