चांडिल/खरसावां. जिला ग्रामीण विकास अभिकरण एवं विभिन्न प्रखंड कार्यालयों में बाह्य स्रोत (आउटसोर्स) के माध्यम से कार्यरत कंप्यूटर सहायक (सीए) एवं एमटीएस कर्मचारियों ने 17 माह से लंबित मानदेय भुगतान की मांग को लेकर शुक्रवार को उपायुक्त एवं उप विकास आयुक्त को आवेदन सौंपा है. इस दौरान कर्मचारियों ने आवेदन में बताया है कि वित्तीय वर्ष 2024-25 के 7 माह, 2025-26 के 6 माह तथा 2026-27 के 4 माह, कुल 17 माह का मानदेय अब तक बकाया है.
उन्होंने कहा कि डीआरडीए एवं सभी प्रखंड कार्यालयों द्वारा कई बार मानदेय भुगतान के लिए पत्राचार किया गया, लेकिन ग्रामीण विकास विभाग से आवंटन नहीं मिलने के कारण भुगतान नहीं हो सका. कर्मचारियों का कहना है कि लगातार मानदेय नहीं मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति गंभीर हो गई है. बच्चों की पढ़ाई, परिवार के भरण-पोषण, मकान किराया, इलाज सहित दैनिक जरूरतों को पूरा करने में भारी परेशानी हो रही है. इसके बावजूद सभी कर्मचारी ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपनी सेवाएं दे रहे हैं.
आवेदन में जल्द भुगतान कराने की मांग
आवेदन में उपायुक्त से जल्द लंबित मानदेय का भुगतान कराने की मांग की गई है. कर्मचारियों ने कहा कि समय पर भुगतान होने से उन्हें आर्थिक संकट से राहत मिलेगी. आवेदन पर विभिन्न प्रखंडों में कार्यरत कंप्यूटर सहायक एवं एमटीएस कर्मियों के हस्ताक्षर भी हैं. इस अवसर पर राज कुमार, नयन गोराई, असीम चंद्र महतो, लालटू महतो, राजीव कुमार गुप्ता, संजय कुमार महतो, स्वरूप कुमार दास, आशीष कुमार, रवि कुमार पांडेय आदि उपस्थित थे.
