खरसावां. कराइकेला (चक्रधरपुर) में रविवार की रात हादसे में मारे गये चार युवकों में तीन युवक रवि बिरुली (19), आकाश गोप (19) व अर्जुन टुडू (20) कुचाई के सेलाइडीह गांव के निवासी थे. पोस्टमार्टम के बाद सोमवार की रात तीनों शवों को गांव लाया गया. शव पहुंचते ही चीख-पुकार मच गयी. हर आंखें नम थीं. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मंगलवार की सुबह रीति-रिवाज से तीनों का अंतिम संस्कार किया गया. पूरे गांव में मातमी सन्नाटा छाया रहा.
घूमने जा रहे हैं कह कर घर से निकले थे तीनों:
कुचाई के सेलाइडीह गांव के रवि बिरुली, आकाश गोप व अर्जुन टुडू अपने दोस्त आंकलकुटू (खूंटपानी) के आकाश कुदादा के साथ घूमने जा रहे हैं कह कर घर से निकले थे. घर वालों को नहीं बताया था कि कहां जा रहे हैं. इसी बीच सोमवार (26 जनवरी) की दोपहर सूचना मिली कि दुर्घटना में चारों की मौत हो गयी.एकसप्ताह पहले बेटी का पिता बना था रवि, शव देख फफक पड़ी पत्नी
सेलायडीह के रवि बिरुली (19) अपने तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था. पिछले साल उलीराजाबासा की फूलकुमारी बिरुली के साथ शादी हुई थी. एक सप्ताह पहले वह बेटी का पिता बना था. पति का शव देख कर फूलकुमारी फफक-फफक कर रोने लगी. नन्हीं बेटी को हाथों में लिए फूलकुमारी की आखें से आंसू थम नहीं रहे थे. ससुर सेलाय बिरुली समेत घर के लोग फूलकुमारी को ढांढ़स बंधाते रहे. रवि बिरुली अपने परिजनों के साथ गांव में रह रहा था. परिवार के सदस्यों के साथ मेहनत मजदूरी कर जीवन-यापन करता था.
पिता के कमजोर कंधों का सहारा था आकाश, मजदूरी कर मदद करता था
सड़क दुर्घटना में मृत सेलाइडीह गांव के आकाश गोप (19) अपने पांच भाई-बहनों में तीसरा था. वह घर पर माता-पिता के साथ रह कर काम करता था. आकाश के पिता मंगलु गोप की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है. वह मेहनत मजदूरी करने का साथ साथ अपने पिताजी के काम में हाथ बंटाता था. सड़क दुर्घटना में असमय काल के गाल में समा गया. आकाश काफी मिलनसार था. गांव के लोगों के सुख-दुख में सहभागी था. आकाश की मौत से पूरे गांव के लोगों ने दुख जताया है.
