चांडिल के ऐतिहासिक जायदा प्राचीन शिव मंदिर में 2 अगस्त रविवार को श्री श्याम सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित होने वाली भव्य महा आरती को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं. कार्यक्रम में विधि-व्यवस्था और सुरक्षा को देखते हुए मजिस्ट्रेट, महिला पुलिस बल तथा स्थानीय गोताखोरों की तैनाती की गई है. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए समिति के स्वयंसेवक भी पूरे आयोजन के दौरान सेवा में लगे रहेंगे. समिति के सदस्य नवीन पसारी ने बताया कि इस वर्ष महा आरती का आयोजन विशेष और ऐतिहासिक होगा. पहली बार चांडिल क्षेत्र में काशी (बनारस) से आए पांच विद्वान पंडित वैदिक मंत्रोच्चार के साथ महा आरती संपन्न कराएंगे. उन्होंने कहा कि यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए एक अद्भुत आध्यात्मिक अनुभव होगा. इससे चांडिल क्षेत्र के धार्मिक इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ेगा.
समिति के अध्यक्ष संदीप सुल्तानिया ने बताया कि महा आरती के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, पार्किंग और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं. महा आरती के दौरान समिति के वालंटियर भी सेवा में तैनात रहेंगे. उन्होंने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से समय पर पहुंचकर महा आरती में शामिल होने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की.
