सोनू कुमार की रिपोर्ट
साहिबगंज: साइबर ठगी के तरीके लगातार बदल रहे हैं. पहले ठग फोन, एसएमएस या फर्जी लिंक के जरिए लोगों को निशाना बनाते थे, लेकिन अब सोशल मीडिया पर बड़े इनाम का लालच देकर लोग खुद ठगों के संपर्क में पहुंच रहे हैं. साहिबगंज के रांगा थाना क्षेत्र में ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां एक युवक पुराने नोट के बदले 50 लाख रुपये मिलने के झांसे में आकर 43,220 रुपये गंवा बैठा.
युवक ने वीडियो में बताए गए नंबर पर कॉल किया
पीड़ित युवक ने 29 जुलाई को फेसबुक पर 'Raj Gyani Old Coin Company' नाम से एक वीडियो देखा. वीडियो में दावा किया गया था कि पुराने नोट और सिक्के 80 लाख रुपये तक में खरीदे जाएंगे. वीडियो में दिए गए व्हाट्सएप नंबर 7988330531 पर संपर्क करने के लिए कहा गया था. युवक ने बताए गए नंबर पर कॉल किया तो सामने वाले ने खुद को 'Old Coin Company' का पदाधिकारी बताया. भरोसा जीतने के लिए उसने व्हाट्सएप पर कई वीडियो और फोटो भेजे. फिर नोट देखने के बाद 50 लाख रुपए इनाम देने की बात कही.
प्रोसेसिंग-जीएसटी के नाम ट्रांसफर करवाए पैसे
इसके बाद ठगों ने अलग-अलग बहाने से पैसे मांगने शुरू किए. पहले 720 रुपये रजिस्ट्रेशन शुल्क, फिर 5,000 रुपये कूरियर चार्ज, इसके बाद 4,999 रुपये जीएसटी, फिर 14,999 रुपये और अंत में 17,502 रुपये जमा कराए गए. सभी पैसे Upendra Prasad के UPI ID XXXXXX4606@mbk पर ट्रांसफर करवाए गए. इस तरह युवक से कुल 43,220 रुपये ठग लिए गए. जब युवक को शक हुआ और उसने आगे पैसे देने से इनकार कर दिया तो ठगों ने उसे डराना शुरू कर दिया. उन्होंने दावा किया कि बरहेट बाजार के पेट्रोल पंप के पास 50 लाख रुपये लेकर एक गाड़ी खड़ी है. यदि बाकी पैसा नहीं भेजा गया और गाड़ी से रकम चोरी हो गई तो उसके खिलाफ थाना में मामला दर्ज करा दिया जाएगा.
रांगा थाना में पीड़ित ने दर्ज कराई शिकायत
इतना ही नहीं...डराने के लिए ठगों ने बड़े पुलिस अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों की तस्वीरें भी भेजीं और कार्रवाई की धमकी दी. इसके बाद पीड़ित ने पूरे मामले की लिखित शिकायत रांगा थाना में दर्ज कराई है. आवेदन में ठगों के दो मोबाइल नंबर (7988330531 और 8053027392) का भी उल्लेख किया गया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
इधर, इस संबंध में पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर पुराने नोट या सिक्के ऊंची कीमत पर खरीदने के दावों पर भरोसा न करें. ऐसे किसी भी विज्ञापन के झांसे में आकर प्रोसेसिंग फीस, जीएसटी, कूरियर या अन्य किसी शुल्क के नाम पर पैसा न भेजें. साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं. साथ ही अभिभावकों और परिवार के अन्य सदस्यों को भी इस तरह के ऑनलाइन झांसों से सतर्क रहने के लिए जागरूक करें.
