साहिबगंज के उधवा से मो इरशाद की रिपोर्ट
Sahibganj News: साहिबगंज जिले के उधवा प्रखंड अंतर्गत राधानगर थाना पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडीएमए मादक पदार्थ के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के नासघाट-प्राणपुर मुख्य सड़क स्थित अकुंबन्ना उच्च स्तरीय पुल के पास नशीले पदार्थ की खरीद-बिक्री की जा रही है. सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की.
वरीय अधिकारियों के निर्देश पर गठित हुई छापेमारी टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. टीम ने अकुंबन्ना स्थित उच्च स्तरीय पुल के समीप योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर अभियान चलाया. पुलिस की मौजूदगी देखते ही एक संदिग्ध युवक वहां से भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया.
तलाशी में मिला मादक पदार्थ
गिरफ्तार युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से एमडीएमए मादक पदार्थ बरामद होने की सूचना है. हालांकि पुलिस ने अभी बरामद मादक पदार्थ की मात्रा और उसकी अनुमानित कीमत का आधिकारिक खुलासा नहीं किया है. जब्त किए गए पदार्थ को जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है और मामले में कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है.
दक्षिण पलासगाछी पंचायत का रहने वाला है आरोपी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार युवक दक्षिण पलासगाछी पंचायत का निवासी बताया जा रहा है. प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी अकेले इस कारोबार में शामिल था या किसी बड़े नेटवर्क के लिए काम कर रहा था. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था.
पूछताछ के आधार पर आगे बढ़ेगी जांच
राधानगर पुलिस फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है. अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ से मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है. पुलिस इस मामले में संभावित नेटवर्क और सप्लाई चेन की भी जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें: धनबाद के जगजीवन नगर में युवक की पीट-पीटकर हत्या, चार पड़ोसी हिरासत में
थाना प्रभारी ने कही यह बात
राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज ने बताया कि वरीय पदाधिकारियों के दिशा-निर्देश पर मादक पदार्थ के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि गिरफ्तार युवक से पूछताछ की जा रही है और मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. थाना प्रभारी ने यह भी स्पष्ट किया कि क्षेत्र में नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस का अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा.
इसे भी पढ़ें: साइबर ठगों के निशाने पर लोहरदगा डीसी, फर्जी व्हाट्सएप आईडी बनाकर भेजे जा रहे भ्रामक संदेश
