उधवा : उधवा प्रखंड के चांदशहर पंचायत के वार्ड नंबर 9 स्थित दक्षिण टोला में शुक्रवार की दोपहर जर्जर एलटी विद्युत तार अचानक टूटकर गिर गया. हादसे में किशोरी समेत तीन लोग घायल हो गए. घटना में किशोरी की स्थिति गंभीर बतायी जा रही है. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गयी.
चापानल के पास पानी भर रही थीं महिलाएं
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दक्षिण टोला स्थित एक चापानल से स्थानीय महिलाएं पानी भर रही थीं. इसी दौरान चापानल के ऊपर से गुजर रहा एलटी विद्युत तार अचानक टूटकर नीचे गिर गया. तार की चपेट में वहां मौजूद लोग आ गये.
हादसे में सैमुल शेख की 14 वर्षीय बेटी, 30 वर्षीय अफसारा बीबी और अफसारा बीबी की करीब डेढ़ वर्षीय पुत्री रिया खातून घायल हो गयी.
किशोरी को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर
घटना में किशोरी बेहोश हो गयी. आनन-फानन में परिजन और ग्रामीण उसे बरहरवा स्थित एक अस्पताल ले गये. वहां प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. बताया जा रहा है कि उसे मालदा ले जाया गया है.
वहीं, घायल अफसारा बीबी और उसकी पुत्री रिया खातून का स्थानीय क्लिनिक में प्राथमिक उपचार किया गया.
25 अगस्त को दिया था लिखित आवेदन
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से विद्युत तार जर्जर और खतरनाक स्थिति में थे. ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर बीते 25 अगस्त को विद्युत विभाग को लिखित आवेदन देकर जर्जर तारों को दुरुस्त करने की मांग की थी.
ग्रामीणों का आरोप है कि आवेदन देने के बावजूद विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गयी. घटना के बाद पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी जतायी.
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते जर्जर तारों को दुरुस्त कर दिया जाता तो इस तरह की घटना को टाला जा सकता था. ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से तत्काल जर्जर तारों को बदलने और क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था की जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
