प्रतिनिधि बरहेट : साहिबगंज जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा गाजेश्वरनाथ धाम शिवगादी में शुक्रवार को पुलिस अधिकारियों ने पहुंचकर सुरक्षा और विधि-व्यवस्था का जायजा लिया. इस दौरान साहिबगंज के पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह, बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल और राजमहल एसडीपीओ विमलेश त्रिपाठी ने बाबा गाजेश्वरनाथ के दरबार में पूजा-अर्चना की.
प्राकृतिक गुफा में किया जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक
पुलिस अधिकारियों ने प्राकृतिक गुफा के अंदर स्थापित पवित्र शिवलिंग पर विधिवत जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक किया. इसके बाद पुरोहितों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बाबा गाजेश्वरनाथ का विशेष श्रृंगार पूजन कराया गया.
बाबा का चंदन, भांग, धतूरा और रंग-बिरंगे ताजे फूलों से अलौकिक श्रृंगार किया गया. पूजा के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा.
महाआरती कर मांगी सुख-शांति की कामना
विशेष श्रृंगार पूजा संपन्न होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने धूप-दीप जलाकर बाबा गाजेश्वरनाथ की महाआरती की. उन्होंने जिले में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की.
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों ने किया निरीक्षण
पूजा के साथ अधिकारियों ने मंदिर परिसर और आसपास की व्यवस्था का भी जायजा लिया. शिवगादी धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियों की जानकारी ली गयी.
शिवगादी प्रबंध समिति ने किया सम्मानित
पूजा-अर्चना के बाद शिवगादी प्रबंध समिति के सदस्यों ने साहिबगंज एसपी, बरहरवा एसडीपीओ और राजमहल एसडीपीओ को अंगवस्त्र एवं मोमेंटो भेंटकर सम्मानित किया. इस दौरान समिति के सदस्य और अन्य लोग मौजूद रहे.
