पतना- राजमहल की हरी-भरी पहाड़ियों पर एक बार फिर लकड़ी तस्करों की नजर पड़ गई है. रात के अंधेरे में तस्कर अवैध रूप से पेड़ों की कटाई कर उसे जुगाड़ गाड़ी में लोड कर पश्चिम बंगाल के कालियाचक क्षेत्र में सप्लाई करने में जुटे थे. गुप्त सूचना पर रांगा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी कर दो तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया. उनके पास से अवैध रूप से काटी गई कई बोटा लकड़ी और लकड़ी लदी एक जुगाड़ गाड़ी भी जब्त की गई है.
सूचना पर जंगल में पुलिस की छापेमारी, दो तस्कर गिरफ्तार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती रात रांगा थाना प्रभारी अखिलेश कुमार यादव को सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के दिघी के आगे बूढ़ी बस्ती पहाड़ के जंगल में कुछ लोग अवैध रूप से पेड़ काट रहे हैं और काटी गई लकड़ी को जुगाड़ गाड़ी में लोड कर पश्चिम बंगाल भेजने की तैयारी कर रहे हैं. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जंगल में छापेमारी की. छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से लकड़ी लदी जुगाड़ गाड़ी के साथ दो युवकों को पकड़ लिया.
दो आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट के आदेश पर भेजे गये जेल
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रांगा थाना क्षेत्र के बड़ा दिघी निवासी तारणी ठाकुर के 29 वर्षीय पुत्र रजीत ठाकुर उर्फ विक्की ठाकुर और पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कालियाचक थाना क्षेत्र के आसिर हाजीपाड़ा निवासी सुभान मोमिन(34) के रूप में हुई है. पुलिस ने दोनों के खिलाफ रांगा थाना में कांड संख्या 67/2026 दर्ज किया है. उन पर BNS की धारा 317(4)/3(5) और भारतीय वन अधिनियम की धारा 33/41/42 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया. न्यायालय के आदेश पर दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
5-6 अन्य आरोपी नामजद, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
थाना प्रभारी ने बताया कि इस घटना में 5 से 6 अन्य लोगों को भी नामजद अभियुक्त बनाया गया है. उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. उन्होंने कहा कि राजमहल की पहाड़ियों में पेड़ों की अवैध कटाई और तस्करी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. वन संपदा को बचाने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है और तस्करों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
