बाढ़ की आशंका से मवेशियों संग सुरक्षित ठिकानों की तलाश में लोग

साहिबगंज में गंगा का जलस्तर बढ़ने से दियारा क्षेत्र के लोग मवेशियों के साथ सुरक्षित ठिकानों की तलाश में जुटे हैं. प्रशासन ने स्थिति पर नजर रखी है.

साहिबगंज. झारखंड के एकमात्र गंगा तटीय जिला साहिबगंज में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. जलस्तर में तेजी से हो रही वृद्धि के कारण सदर, तालझारी, राजमहल और उधवा प्रखंड के गंगा तटीय गांवों तथा दियारा क्षेत्र के लोगों की चिंता बढ़ गई है. नदी के उफान से जनजीवन प्रभावित होने लगा है. सदर प्रखंड के रामपुर दियारा, दुर्गा स्थान, ओला, लालबथानी, कारगिल और शोभनपुर सहित करीब आधा दर्जन गांवों में बाढ़ की आशंका गहराने लगी है. खेतों में पानी पहुंचने लगा है और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने लगी है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि जलस्तर इसी रफ्तार से बढ़ा तो कई गांवों का संपर्क भी प्रभावित हो सकता है.

मवेशियों को बचाने की जद्दोजहद

दियारा क्षेत्र के किसान पशुपालन पर निर्भर हैं. जलस्तर बढ़ने के साथ चारे और सुरक्षित स्थान की समस्या बढ़ गई है. किसान सुबह से शाम तक अपने मवेशियों को ऊंचे स्थानों पर पहुंचाने में जुटे हैं ताकि संभावित बाढ़ से उन्हें सुरक्षित रखा जा सके.

बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें

सोमवार सुबह से हो रही लगातार बारिश ने दियारा क्षेत्र की परेशानी और बढ़ा दी है. कच्चे घरों और अस्थायी झोपड़ियों में रहने वाले लोगों के सामने जलजमाव, आवागमन, भोजन, पेयजल और मवेशियों की देखभाल जैसी मूलभूत समस्याएं खड़ी होने लगी हैं.

ग्रामीणों ने राहत और सुरक्षा की अपील की

सकलदीप सिंह, अरुण मंडल, दिवाकर सिंह, अजय यादव, शत्रुघ्नन यादव और चंदन यादव सहित कई ग्रामीणों ने बताया कि हर वर्ष बाढ़ के दौरान उन्हें घर छोड़कर ऊंचे स्थानों पर शरण लेनी पड़ती है. मवेशियों की सुरक्षा, चारे की व्यवस्था और परिवार की देखभाल सबसे बड़ी चुनौती बन जाती है. उन्होंने प्रशासन से समय रहते राहत और सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है.

नाव संचालन पर बढ़ा जोखिम

गंगा में तेज बहाव के कारण नाव संचालन भी जोखिम भरा हो गया है. दियारा क्षेत्र के लोगों का मुख्य आवागमन नावों से होता है. बढ़ते जलस्तर और तेज धारा को देखते हुए नाविक अतिरिक्त सावधानी बरत रहे हैं. प्रशासन भी लोगों से अनावश्यक रूप से नदी पार नहीं करने की अपील कर रहा है.

जलस्तर पर लगातार नजर

साहिबगंज में गंगा का जलस्तर प्रतिघंटा दो सेमी की रफ्तार से बढ़ रहा है. सोमवार को जलस्तर 24.31 सेमी दर्ज किया गया. यहां चेतावनी रेखा 26.25 सेमी और खतरे का निशान 27.25 सेमी निर्धारित है. प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है.

क्या कहते हैं अंचल अधिकारी

गंगा के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है दियारा क्षेत्र की स्थिति की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है और संबंधित कर्मचारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने कहा कि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. लोगों से अपील की गई है कि अफवाहों पर ध्यान न दें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें. यदि किसी क्षेत्र में आपात स्थिति उत्पन्न होती है .तो तत्काल प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके. बासुकीनाथ टूडू, सीओ, साहिबगंज


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Abdhesh singh

Published by: Sweta Vaidya

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >