सार्वजनिक स्थल पर अतिक्रमण की शिकायत की जांच में पहुंचे अधिकारी

सार्वजनिक स्थल पर अतिक्रमण की शिकायत की जांच में पहुंचे अधिकारी

प्रतिनिधि, उधवा उधवा प्रखंड के जोंका पंचायत में अतिक्रमण को लेकर मचा विवाद अब प्रशासन की नजर में आ चुका है. मामले की गंभीरता को देखते हुए बीडीओ सह सीओ जयंत कुमार तिवारी ने स्वयं घटनास्थल का दौरा किया और ग्रामीणों से बातचीत कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया. स्थानीय लोगों के अनुसार, जोंका पंचायत के मुहर्रम अखाड़ा की जमीन पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा कब्जा जमाने की कोशिश की जा रही है. इसे लेकर ग्रामीणों ने उपायुक्त, साहिबगंज को आवेदन सौंपकर अतिक्रमण हटाने की मांग की. ग्रामीणों का कहना है कि यह भूमि धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के लिए महत्वपूर्ण है, जहां वर्षों से काली मंदिर और मुहर्रम अखाड़ा स्थित है. जानकारी के मुताबिक, यह स्थान न केवल धार्मिक आयोजनों का केंद्र है, बल्कि यहां साप्ताहिक हटिया भी लगती है, जिसका सरकारी रिकॉर्ड भी मौजूद है. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ लोग निजी स्वार्थ के कारण इस जमीन और सड़क पर अवैध कब्जा कर रहे हैं, जिससे सामाजिक सौहार्द्र बिगड़ने का खतरा है. इस पर डीसी ने तत्परता दिखाते हुए सीओ को जांच के निर्देश दिये. आदेशानुसार, शुक्रवार को अंचलाधिकारी जयंत कुमार तिवारी घटनास्थल पहुंचे और ग्रामीणों के साथ बैठक की. उन्होंने दोनों पक्षों को ध्यानपूर्वक सुना और आश्वस्त किया कि जमीन की नाप-जोख और कागजात की जांच के बाद कानूनी प्रक्रिया के तहत उचित कार्रवाई की जायेगी. प्रशासन की इस सक्रियता से ग्रामीणों में उम्मीद जगी है कि अतिक्रमण हटाकर क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द्र और शांति को बनाए रखा जाएगा. मौके पर अंचल निरीक्षक दारा पासवान, राजस्व कर्मचारी दीपक कुमार तांती, मो आलमगीर, अंगूर खान, फिरोज शेख, तकलीम शेख, जालिम शेख, कमराल मुकुल, राजा सहित अन्य मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >