चार दिनों से लापता कोटालपोखर का किशोर किशनगंज में मिला सकुशल, परिजनों ने ली राहत की सांस

साहिबगंज जिले के कोटालपोखर से चार दिनों से लापता 13 वर्षीय अब्दुल मुस्लिम बिहार के किशनगंज में सकुशल मिला। परिजनों ने ली राहत की सांस।

बरहरवा :: साहिबगंज जिले के कोटालपोखर थाना क्षेत्र के सिहलीडांगा गांव से पिछले चार दिनों से लापता 13 वर्षीय किशोर अब्दुल मुस्लिम बिहार के किशनगंज जिले के तुलसिया में सकुशल मिला है. किशोर के मिलने की सूचना के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली, उसे वापस लाने के लिए उसके पिता महबूब आलम समेत अन्य परिजन किशनगंज के लिए रवाना हो गए हैं.

तुलसिया हॉल्ट पर रोते मिला किशोर

जानकारी के अनुसार, चार दिनों पूर्व अब्दुल शाम करीब सात बजे घर से कुछ सामान खरीदने के लिए दुकान जाने की बात कहकर निकला था. इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा. परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. मामले की शिकायत कोटालपोखर थाने में भी दर्ज करायी गयी थी. इधर, किशनगंज जिले के तुलसिया पंचायत के वार्ड तीन के सदस्य जुनैद आलम ने बताया कि दो दिनों पूर्व तुलसिया हॉल्ट रेलवे स्टेशन के पास अब्दुल रोते हुए जा रहा था. पूछताछ करने पर उसने बताया कि उसके गांव का ही एक युवक उसे अपने साथ सिलीगुड़ी ले गया था. वहां घुमाने के बाद वह उसे तुलसिया हॉल्ट रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतारकर चला गया.

सोशल मीडिया के माध्यम से किशोर के परिजनों से हुआ संपर्क

अब्दुल ने बताया कि युवक ने उसे 10 रुपये दिए थे. जुनैद आलम ने स्थानीय थाने को सूचना देने के बाद अब्दुल को सुरक्षित अपने घर ले आये. इसके बाद सोशल मीडिया के माध्यम से साहिबगंज जिले के कुछ यू-ट्यूबर और समाजसेवियों से संपर्क किया गया, उनके माध्यम से अब्दुल के परिजनों का मोबाइल नंबर मिला, जिसके बाद उन्हें सूचना दी गयी. परिजनों से बातचीत के दौरान अब्दुल ने पूरी घटना की जानकारी दी.

कोटालपोखर थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि प्राप्त शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी. पुलिस बच्चे की तलाश कर रही थी. वार्ड सदस्य के माध्यम से बच्चा सकुशल मिल गया है. परिजन उसे लाने के लिए किशनगंज जा रहे हैं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Bikash jaswal

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >