साहिबगंज डीसी दीपक कुमार दुबे के निर्देशानुसार वरीय पदाधिकारियों द्वारा सदर अस्पताल के नियमित निरीक्षण के लिए तैयार रोस्टर के तहत सोमवार को डीडीसी सतीश चंद्रा ने सदर अस्पताल का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं, दवा उपलब्धता तथा साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया. डीडीसी ने सबसे पहले ओपीडी भवन का निरीक्षण किया, जहां दंत विभाग, आइआरसीडीसी विभाग तथा ओपीडी में कार्यरत चिकित्सकों की उपस्थिति की जांच की गयी. इसके बाद उन्होंने अस्पताल के दवा केंद्रों का निरीक्षण किया और उपलब्ध दवाओं की सूची को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के लिए फ्रेश बोर्ड लगाने का निर्देश दिया.
अस्पताल प्रबंधक से जवाब-तलब
अस्पताल परिसर में कई दिनों से पड़े बायोमेडिकल वेस्ट की सफाई नहीं होने पर डीडीसी ने अस्पताल प्रबंधक से जवाब-तलब किया और तत्काल सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. पुरुष वार्ड के निरीक्षण के दौरान सकरी गली वास्कोला निवासी 45 वर्षीय कृष्णा मंडल की पत्नी तीलिया देवी भर्ती मिलीं. निरीक्षण के समय उनकी बहू माया देवी ने बताया कि पिछले तीन दिनों से उन्हें अस्पताल की ओर से चादर उपलब्ध नहीं करायी गयी है और वे घर से लायी गयी साड़ी बिछाकर मरीज की देखभाल कर रही हैं. इस पर डीडीसी ने संबंधित कर्मियों को कड़ी फटकार लगायी.
ये भी पढ़ें- झारखंड के आईटीआई और पॉलिटेक्निक कॉलेजों में खुलेंगी 11 डेटा-एआई लैब, युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण
चिकित्सक से मांगा स्पष्टीकरण
इसके बाद अल्ट्रासाउंड विभाग का निरीक्षण किया गया. वहां मौजूद एक महिला ने शिकायत की कि वे सुबह 9 बजे से भूखे पेट अल्ट्रासाउंड कराने के लिए बैठी हैं, जबकि चिकित्सक दोपहर बाद आते हैं. शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीडीसी ने संबंधित चिकित्सक से स्पष्टीकरण मांगा और समय पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया. निरीक्षण के बाद डीडीसी सतीश चंद्रा ने कहा कि वरीय अधिकारियों के निर्देश पर सदर अस्पताल का निरीक्षण किया जा रहा है. निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कई कमियां पायी गयी हैं और व्यवस्थाएं चरमरायी हुई हैं. उन्होंने कहा कि अस्पताल में चौकीदार, साफ चादर, चिकित्सक और फार्मासिस्ट की कमी देखी गयी है. अस्पताल को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी तथा कमियों के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि निरंतर निरीक्षण से अस्पताल की व्यवस्था में सुधार लाया जाएगा. इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान, अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. देवेश कुमार सहित कई चिकित्सा पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे.
ये भी पढ़ें- अपराध की दुनिया में पलामू के गैंगस्टर सुजीत सिन्हा का अंत, 2 सगे भाइयों की हत्या कर आया था सुर्खियों में
ये भी पढ़ें- गैंगस्टर प्रिंस खान के साथ मिलकर सुजीत सिन्हा चलाता था खौफ का साम्राज्य, पाकिस्तान से भी जुड़े हैं तार
