बरहरवा : जेपीएससी एवं जेएसएससी के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन में विधानसभा घेराव के दौरान सोमवार को रांची में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के आह्वान पर बुलाये गये झारखंड बंद का साहिबगंज जिले के बरहरवा में मिला-जुला असर देखने को मिला. मंगलवार को भाजपा नगर अध्यक्ष राजकुमार भगत के नेतृत्व में दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता बरहरवा बाजार बंद कराने निकले. इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और दुकानदारों व शहरवासियों से अपनी-अपनी दुकानें बंद रखने की अपील की. इसके बाद कुछ देर तक दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखीं. हालांकि, भाजपा द्वारा बुलाए गए बंद के दौरान सड़कों पर आवागमन जारी रहा. शहर के स्टेशन चौक, पतना चौक, रेलवे फाटक, मेन रोड, राजमहल रोड आदि स्थानों पर वाहनों की आवाजाही सामान्य रूप से जारी रही.
प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
वहीं, बंद को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. सुबह से ही पुलिस द्वारा विभिन्न चौक-चौराहों पर सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति की गयी थी. सुरक्षा व्यवस्था की कमान एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल, इंस्पेक्टर संतोष कुमार राणा, थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह, एसआइ सुदामा सिंह, एएसआइ राजनाथ साव सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने संभाल रखी थी. मौके पर भाजपा नेता कुशमाकर तिवारी, रमेश सिंह, संजीव गुप्ता, तारक घोष, अमित भारती सहित अन्य मौजूद थे.
