बरहेट : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बरहेट में पीएचसी फूलभंगा की एएनएम सुभद्रा कुमारी के सेवानिवृत्त होने पर विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता सीएचसी के चिकित्सा प्रभारी डॉ. पंकज कर्मकार ने की. समारोह में डॉ. संतोष टुडू, जियाउर रहमान, प्रत्युष कमल, सलीम और तोषिफ आजम मुख्य रूप से शामिल हुए.
इस अवसर पर डॉ. पंकज कर्मकार, डॉ. संतोष टुडू एवं प्रत्युष कमल ने सुभद्रा कुमारी को प्रशस्ति पत्र, शॉल, बुके और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया. चिकित्सा प्रभारी ने उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सुभद्रा कुमारी ने स्वास्थ्य विभाग में 38 वर्षों तक लंबी और सराहनीय सेवा दी है. पीएचसी फूलभंगा में तैनाती के दौरान मरीजों की सेवा के प्रति उनका समर्पण अनुकरणीय रहा. उन्होंने कहा कि 38 वर्षों तक पूरी निष्ठा से जनता की सेवा कर सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्त होना गर्व की बात है. सुभद्रा कुमारी का बेदाग सेवा सफर पूरी मेडिकल टीम के लिए हमेशा प्रेरणादायक रहेगा.
समारोह में उनके लंबे और समर्पित सेवा सफर की सराहना की गयी. मौके पर मौजूद सहकर्मियों ने उनके सुखद, स्वस्थ और दीर्घायु सेवानिवृत्त जीवन की कामना की.
16 स्वास्थ्यकर्मी प्रशस्ति पत्र से सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बरहेट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. पंकज कर्मकार की अगुवाई में सम्मान समारोह आयोजित किया गया. इस दौरान सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में उत्कृष्ट चिकित्सा सेवा देने वाले 16 स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया.
इस अवसर पर मीना हस्दक, पानो उरांव, लूसियाना सोरेन, कुमार प्रकाश, प्रमोद तुरी, प्रभा देवी, मुरलीधर मंडल, मिनोती दास, विकास रविदास, प्रेमशिला मरांडी, केदारनाथ पंडित, सरोजनी बेसरा, प्रियंका टुडू, रोसलिन मुर्मू और दीवान सोरेन को सम्मानित किया गया. डॉ. पंकज कर्मकार ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में काम करने वाले कर्मियों का योगदान समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है. विषम परिस्थितियों में भी इन कर्मियों ने मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी निभायी है. इस सम्मान से पूरी टीम का मनोबल बढ़ेगा.
सम्मानित होने वालों में डॉक्टर, एएनएम, जीएनएम और पैरामेडिकल स्टाफ शामिल थे. सभी ने पूरी निष्ठा के साथ मरीजों की सेवा करने का संकल्प लिया.
