होली के मद्देनजर प्रशासन ने होटलों में की गयी जांच पड़ताल प्रतिनिधि, साहिबगंज होली पर्व को ध्यान में रखते हुए शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से सदर एसडीओ गंगानाथ स्वर्णकार, कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक कुमार सिंह और नगर थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता के नेतृत्व में नगर थाना क्षेत्र के कई होटलों और रेस्टोरेंट्स की गहन जांच की गई. जांच टीम सबसे पहले होटल आकाशगंगा के डॉरमेट्री पहुंची, जहां सीसीटीवी फुटेज और रजिस्टर की पड़ताल की गई. इसके बाद होटल की रसोई में खाद्य सामग्री की स्थिति का निरीक्षण किया गया. रसोई की सफाई और भोजन की गुणवत्ता पर असंतोष जाहिर करते हुए एसडीओ ने सख्त नाराजगी जताई. खराब हालत को देखते हुए तुरंत सैंपल एकत्र कर जांच के लिए भेजे गए. इसके बाद टीम होटल सेलिब्रेशन पहुंची, जहां कमरों की व्यवस्था पर असंतोष प्रकट किया गया. एसडीओ ने होटल में फायर एक्सटिंग्विशर की अनुपस्थिति पर गंभीर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि आग जैसी आपात स्थिति में यह लापरवाही जान-माल के लिए बड़ा खतरा बन सकती है. इसके बाद टीम फूडअप रेस्टोरेंट पहुंची, जहां कई खाद्य पदार्थों की जांच की गई. चावल सहित विभिन्न खाद्य सामग्रियों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए. टीम ने आगे होटल चाणक्य और होटल अभिनव श्री का निरीक्षण किया, जहां भी फायर एक्सटिंग्विशर की व्यवस्था नदारद मिली. एसडीओ ने तुरंत सुरक्षा मानकों को पूरा करने का निर्देश दिया. जांच के बाद एसडीओ ने बताया कि शहर के कई होटलों के पास उचित लाइसेंस नहीं है और सुरक्षा के बुनियादी उपायों की भारी कमी है. यह गंभीर लापरवाही कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है. सभी होटल संचालकों को नोटिस जारी किया जाएगा और उन्हें निश्चित समय सीमा के भीतर व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए जाएंगे. यदि सुधार नहीं किया गया, तो कठोर कार्रवाई की जाएगी. इसके अलावा, एसडीओ ने होटलों में पार्किंग व्यवस्था की अव्यवस्था पर भी चिंता जताई और इसे सुधारने के लिए जल्द ही कदम उठाने की बात कही.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
